
इंतेहा हो गई इंतेजार की, जिंदाबाद - मुर्दाबाद के नारे लगा थक चुके कार्यकर्ताओं की है पीड़ा
संक्षेप: स्टेशन परिसर गेट नंबर - 2उम्मीदें बरकरार है पर भीतर से निराशा भी है। नेताजी तो खुद पटना में हैं लेकिन उनके पक्के समर्थक सुबह - सुबह स्टेशन परिसर में अपने हाथ मे कुल्हड़ वाली चाय की चुस्की पर यह कहते...
स्टेशन परिसर गेट नंबर - 2 संजय पांडेय जहानाबाद। दूसरे चरण में होने वाले मतदान के लिए नामांकन की प्रक्रिया पांचवें दिन भी समाप्त हो गई। अब मात्र तीन दिन रह गए, लेकिन जहानाबाद जिले में महागठबंधन की सीटें स्पष्ट नहीं होने से खासकर राजद के कार्यकर्ता काफी ऊहापोह की स्थिति में है। उम्मीदें बरकरार है पर भीतर से निराशा भी है। नेताजी तो खुद पटना में हैं लेकिन उनके पक्के समर्थक सुबह - सुबह स्टेशन परिसर में अपने हाथ मे कुल्हड़ वाली चाय की चुस्की पर यह कहते संतोष व्यक्त करते हैं कि आज तो फाइनल हो हीं जाएगा। नेता जी के फोन का इंतेजार है।
एनआर भी तो कटवाना है। समय अब है कहां। कल शनिवार हो जाएगा, फिर रविवार है। सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन है। अच्छा शुक्रवार के रात में नेताजी आएंगे तो विशेष खबर मिलेगी। लेकिन अब सुनते हैं कि दु गो नया नाम आ गया है और सब पूरनकन पर भारी पड़ रहा है। यह सब स्थिति खासकर यहां के राजद कार्यकर्ताओं और उनके पक्के समर्थकों के बीच की है। दूसरों का टिकट कटवाने और अपनी गोटी लाल करने के लिए अपना टिकट कंफर्म करने हेतु जिंदाबाद और मुर्दाबाद के नारे लगाते - लगाते लोग थक चुके हैं। शुक्रवार की शाम सात बजे तक राजद कार्यकर्ताओं का एक बड़ा समूह पिछले कई दिनों से पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड में इस उम्मीद के साथ आलाकमान के दरवाजे पर टकटकी लगाए हुए हैं कि शायद उन्हें अंदर से बुलावा आएगा। लेकिन ऐसा कुछ हो नहीं रहा है। एक दो नहीं बल्कि डेढ़ दर्जन की संख्या में राजद के उम्मीदवार ऐसी हीं उम्मीद के साथ रात के 12 - 01 बजे तक उक्त दरवाजे के बाहर अब निराश होने लगे हैं। अब तो लोगों की जुबां से दर्द भरे ये बोल निकलने लगे हैं कि इस बार ऐसा हो रहा है। इंतेहा हो गई इंतेजार की , आई ना कुछ खबर आलाकमान की। शुक्रवार की शाम सात बजे तक जहानाबाद जिले के जहानाबाद, घोसी, और मखदुमपुर से आधिकारिक तौर पर महागठबंधन प्रत्याशी की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन इस बीच घोसी विधानसभा क्षेत्र से भाकपा माले के प्रत्यासी ने पूरे दम खम के साथ अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। टिकट पाने की लालसा में सुबह से लेकर शाम तक पटना में कुछ तो डेरा जमाए हुए हैं और कुछ जहानाबाद से रोज आवाजाही कर रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




