Jahanabad News: केवटार में ट्रांसफार्मर जलने से दस दिनों से नल जल बंद
Jahanabad News: मखदुमपुर, निज संवाददाता। ट्रांसफार्मर जलने से सबसे अधिक प्रभावित नल जल हुआ है। नल जल आपूर्ति बंद रहने से गरीब लोगों को परेशानी बढ़ गई है।

Jahanabad News: मखदुमपुर, निज संवाददाता। मखदुमपुर शहर क्षेत्र के केवटार में ट्रांसफार्मर जलने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मोहल्ले का ट्रांसफार्मर 10 दिनों से जला हुआ है। ट्रांसफार्मर जलने से सबसे अधिक प्रभावित नल जल हुआ है। नल जल आपूर्ति बंद रहने से गरीब लोगों को परेशानी बढ़ गई है। महादलित टोला के लोगों को पीने के लिए पानी दूसरे के घरों से लाना पड़ रहा है। मोहल्ले में स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण के चापाकल से लोग पानी ला रहे हैं। तो कुछ लोग मंदिर के चापाकल से पानी ला रहे हैं। जिनके घर में समर्सिबल नहीं है वह दूसरे के घरों से पानी ला रहे हैं।
मोबाइल चार्ज के लिए लोगों को दूसरे मोहल्ले में जाना पड़ रहा है। गर्मी के कारण लोगों को छत पर सोना पड़ रहा है। गर्मी के साथ मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। स्थानीय नागरिक अमोघ सिंह ने बताया कि बिजली विभाग के कार्यालय को सूचना के साथ पलक अभियंता को भी सूचना दी गई है लेकिन सिर्फ आश्वासन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि नल जल के लिए अलग ट्रांसफार्मर की व्यवस्था भी आज तक नहीं हुई है। इससे परेशानी अधिक हो रही है।


