तीरा पंचायत के स्वच्छता कर्मियों को ग्यारह माह से वेतन नहीं मिलने से हालत बदहाल
हुलासगंज, निज संवाददाता।कई कर्मियों ने बताया कि घर चलाने, बच्चों की पढ़ाई और इलाज तक में परेशानी हो रही है।

हुलासगंज, निज संवाददाता। तीरा पंचायत के स्वच्छता कर्मियों को पिछले ग्यारह माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति बदहाल होती जा रही है। नियमित सफाई कार्य करने के बावजूद मानदेय भुगतान नहीं होने से कर्मियों और उनके परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। कई कर्मियों ने बताया कि घर चलाने, बच्चों की पढ़ाई और इलाज तक में परेशानी हो रही है।
स्वच्छता कर्मियों की नाराजगी
स्वच्छता कर्मियों का कहना है कि वे पंचायत क्षेत्र में साफ-सफाई, कचरा उठाव एवं नालियों की सफाई का कार्य लगातार करते आ रहे हैं, लेकिन लंबे समय से वेतन भुगतान लंबित रहने से उनमें भारी नाराजगी है। कर्मियों ने आरोप लगाया कि कई बार पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।
पंचायत मुखिया की प्रतिक्रिया
इस संबंध में पंचायत के मुखिया अवधेश पंडित ने बताया कि पंचायत सचिव के हड़ताल पर जाने से भुगतान की व्यवस्था बाधित है। बहरहाल सभी कर्मी मुस्तैदी से अपने काम में लगे हुए हैं। ग्रामीणों का भी कहना है कि स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में कर्मियों की अहम भूमिका होती है। यदि समय पर भुगतान नहीं हुआ तो सफाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, जिससे गांव में गंदगी और बीमारियों का खतरा बढ़ जाएगा।
आंदोलन की चेतावनी
स्वच्छता कर्मियों ने जिला प्रशासन से शीघ्र बकाया वेतन भुगतान कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


