Jahanabad News: उत्पाद विभाग के चार अधिकारियों पर मारपीट व दो लाख रुपये वसूली का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
Jahanabad News: इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मनीचक गांव निवासी अम्पु कुमार ने उत्पाद विभाग के चार अधिकारियों पर दो लाख दस हजार रुपये जबरन वसूलने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि जांच के दौरान अधिकारियों ने मारपीट की और रुपये की मांग की।

Jahanabad News: हुलासगंज, निज संवाददाता। इस्लामपुर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने उत्पाद विभाग के चार अधिकारियों पर मारपीट कर दो लाख दस हजार रुपये जबरन वसूलने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर हुलासगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शिकायत का विवरण
प्राथमिकी के अनुसार, इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मनीचक गांव निवासी अम्पु कुमार ने आरोप लगाया है कि तीन जुलाई की सुबह वह अपने वाहन से गया से इस्लामपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हुलासगंज स्थित तेईस माईल चौराहा पर उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन को रोककर जांच की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच के दौरान उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने उनके साथ मारपीट की तथा मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया। आरोप है कि बाद में उन्हें एक अन्य स्थान पर ले जाकर विभिन्न मोबाइल नंबरों के माध्यम से परिजनों से संपर्क कराया गया और रुपये की मांग की गई।
रुपयों की वसूली
शिकायतकर्ता ने बताया कि भय के माहौल में परिजनों द्वारा अलग-अलग किश्तों में कुल दो लाख दस हजार रुपये उपलब्ध कराए गए। रुपये मिलने के बाद उन्हें छोड़ा गया। प्राथमिकी में उत्पाद विभाग के निरीक्षक मुकेश कुमार, अवर निरीक्षक रंजिता सिंह, सहायक अवर निरीक्षक संतोष कुमार एवं सहायक अवर निरीक्षक नरदीप सिंह को नामजद किया गया है।
पुलिस कार्रवाई
शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष अरविंद किशोर ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर कांड दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच एक पुलिस पदाधिकारी को सौंपी गई है। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


