
विधानसभा चुनाव को लेकर ईवीएम संग्रहण की तैयारियां पूरी
स्ट्रॉन्ग रूम के पास पुलिस बलों की पर्याप्त तैनाती रहेगी , निर्वाचन की तिथि 11 नवम्बर को मतदान समाप्ति के उपरांत 214-अरवल एवं 215-कुर्था विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों के पीठासीन...
स्ट्रॉन्ग रूम के पास पुलिस बलों की पर्याप्त तैनाती रहेगी अरवल, निज प्रतिनिधि। मतदान उपरांत ईवीएम एवं निर्वाचन सामग्रियों के सुरक्षित संग्रहण हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थां की जा रही हैं। निर्वाचन की तिथि 11 नवम्बर को मतदान समाप्ति के उपरांत 214-अरवल एवं 215-कुर्था विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों के पीठासीन पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित सील्ड पोल्ड ईवीएम, वीवीपैट मशीनें एवं निर्वाचन प्रपत्रों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फतेहपुर संडा महाविद्यालय परिसर में जमा करेंगे। उक्त कार्य की सुचारू एवं व्यवस्थित निष्पादन हेतु बुधवार को संयुक्त ब्रीफिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह ब्रीफिंग उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार एवं अपर समाहर्ता रवि प्रसाद चौहान द्वारा ली गई।

इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को मतदान उपरांत की प्रक्रिया, ईवीएम एवं वीवीपैट के सुरक्षित परिवहन, संग्रहण एवं अभिलेख संधारण से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फतेहपुर संडा महाविद्यालय परिसर में विधानसभावार ईवीएम संग्रहण स्थल (स्ट्रॉन्ग रूम) के पास टेबल एवं कतार व्यवस्था इस प्रकार से की जाएगी कि सभी पीठासीन अधिकारी अपने-अपने विधानसभावार केंद्रों के अनुसार ईवीएम एवं दस्तावेजों को क्रमबद्ध रूप से जमा कर सकें। साथ ही पुलिस बलों की उचित तैनाती से परिसर में शांति एवं अनुशासन बनाए रखा जाएगा। यह भी निर्देश दिया गया कि मतदान दिवस के दिन 11 नवम्बर को अपराह्न 1:00 बजे तक, सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी अपने निर्धारित स्थल पर उपस्थित रहकर मतदान सामग्रियों की प्राप्ति एवं अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों में अपना योगदान सुनिश्चित करें। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मतदान समाप्ति के उपरांत सामग्री प्राप्ति, परिवहन एवं संग्रहण की प्रक्रिया में पूर्ण सावधानी, पारदर्शिता एवं अनुशासन का पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण चरण है। अत: सभी अधिकारी एवं कर्मी अपनी जिम्मेदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निभाएं। कार्यक्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सभी वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित प्रखंडों के निर्वाची पदाधिकारी उपस्थित थे। फोटो- 05 नवम्बर अरवल- 06 कैप्शन- अरवल में विधानसभा चुनाव को लेकर ईवीएम एवं निर्वाचन सामग्रियों के सुरक्षित संग्रहण की जानकारी लेतीं प्रेक्षक व अन्य पुलिस अधिकारी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


