होली में शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील
काको पुलिस ने होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए रविवार को फ्लैग मार्च निकाला। एसडीओ, एसडीपीओ और थानाध्यक्ष के नेतृत्व में मार्च किया गया, जिसमें लोगों से भाईचारे और सद्भाव के साथ होली मनाने की अपील की गई। पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और शांति भंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।

काको, निज संवाददाता। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को काको पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला। एसडीओ, एसडीपीओ तथा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में थाना परिसर से निकला मार्च मुख्य बाजार सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए आमजन को भयमुक्त वातावरण में त्योहार मनाने का संदेश देता रहा। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ होली मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। अधिकारियों ने बताया कि पर्व के मद्देनजर सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। यदि कोई व्यक्ति जबरदस्ती, हुड़दंग या शांति भंग करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने आमजनों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक सहभागिता और आपसी विश्वास से ही त्योहार की खुशियां सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाई जा सकती हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


