32951 पेंशनधारियों का अब तक नहीं हुआ जीवन प्रमाणीकरण
तीस अप्रैल से 14 मई तक पेंशनधारकों के जीवन प्रमाणीकरण के लिए शिविर , तीस अप्रैल से सामाजिक सुरक्षा के सभी पेंशनधारकों का जीवन प्रमाणीकरण के लिए शिविर का आयोजन शुरू हो रहा है।

तीस अप्रैल से 14 मई तक पेंशनधारकों के जीवन प्रमाणीकरण के लिए शिविर जीवन प्रमाणीकरण नहीं होने पर 1100 रुपए का मासिक पेंशन कर दिया जाएगा बंद जहानाबाद , हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। तीस अप्रैल से सामाजिक सुरक्षा के सभी पेंशनधारकों का जीवन प्रमाणीकरण के लिए शिविर का आयोजन शुरू हो रहा है। उक्त तिथि से शिविर के माध्यम से जीवन प्रमाणीकरण प्रत्येक पंचायत एवं नगर पंचायत व नगर परिषद में शुरू होगा। विभागीय निर्देश के आलोक में मंगलवार को जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने शिविर के आयोजन के लिए विस्तृत निर्देश एवं रोस्टर जारी कर दिया। पंचायत एवं नगर निकायों में शिविर स्थलों को जिसमें ज्यादातर पंचायत सरकार भवन, पंचायत भवन को शिविर स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है।
जिले में 30 अप्रैल से शिविरों का संचालन शुरू होकर आगामी 14 मई तक जीवन प्रमाणीकरण का कार्य किया जाएगा। डीएम ने शिविर के संचालन के लिए सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों तथा सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा को निर्देश जारी किए गए हैं। शिविर के दौरान विकास मित्रों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि ऐसे पेंशनधारी जो मृत् हो गए हैं उन्हें भी सूचीबद्ध करते हुए सूची प्रखंड विकास पदाधिकारी को उपलब्ध कराएंगे। साथ ही यदि विशेष परिस्थितियों में आइरिस एवं फिंगर स्कैन से भी ऑनलाइन जीवन प्रमाणीकरण किसी पेंशनधारी का नहीं हो पा रहा है तो भौतिक जीवन प्रमाणीकरण भी संबंधित क्षेत्र के विकास मित्र के द्वारा किया जाएगा, जिसकी प्रविष्टि प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा पोर्टल पर की जाएगी। विदित हो कि जिले में 1 लाख 40 हजार से ज्यादा सामाजिक सुरक्षा के पेंशनधारी हैं, जो कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्तता पेंशन, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, बिहार निशक्त पेंशन योजना एवं लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा योजना में लाभ प्राप्त कर रहे हैं। 32951 सामाजिक सुरक्षा के ऐसे पेंशनधारी हैं, जिनके द्वारा अब तक जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराया गया है। रतनी- फरीदपुर में यह संख्या 4205, जहानाबाद में 7622, काको प्रखंड में 4887, मोदनगंज में 2254, घोसी प्रखंड में 3084, मखदुमपुर प्रखंड में 7868 एवं हुलासगंज प्रखंड में 3031 है। यह सभी पेंशनधारी दिए गए अंतिम अवसर में भी यदि जीवन प्रमाणीकरण नहीं कर पाए तो इस स्थिति में सामाजिक सुरक्षा निदेशालय स्तर से प्रतिमाह 1100 रुपए का मासिक पेंशन बंद कर दिया जाएगा। सभी विकास मित्रों को उनके पंचायत एवं नगर निकायों से संबंधित ऐसे पेंशनधारी जिनका जीवन प्रमाणीकरण अभी तक छूटा हुआ है, उनकी सूची उपलब्ध करा दी गई है। पेंशनधारी सूची में अपना नाम देखने के लिए संबंधित विकास मित्र से संपर्क कर सकते हैं। जीवन प्रमाणीकरण के लिए सभी पेंशनधारियों से जिला पदाधिकारी के स्तर से अपील की गई है कि अवसर का लाभ उठाएं एवं अपने पंचायत में चिन्हित स्थान पर लगाए जा रहे हैं शिविर में आधार कार्ड के साथ उपस्थित होकर नि:शुल्क जीवन प्रमाणीकरण कराते हुए अपना पेंशन जारी रखें।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


