रंग खेलने को लेकर रसलपुर गांव में हिंसक झड़प, एक ही परिवार के पांच लोग घायल
काको, निज संवाददाता। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज जहानाबाद सदर अस्पताल में कराया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किए जाने की...

काको, निज संवाददाता। जिले के काको थाना क्षेत्र अंतर्गत रसलपुर गांव में रंग खेलने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद गुरुवार को मारपीट में तब्दील हो गया, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज जहानाबाद सदर अस्पताल में कराया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किए जाने की बात कही जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार होली के दिन बुधवार को गांव में लोग पारंपरिक ढंग से रंग-गुलाल लगाकर त्योहार मना रहे थे।
इसी दौरान एक बच्चा अपने घर की छत से नीचे से गुजर रहे लोगों पर रंग फेंक रहा था। इसी क्रम में रंग एक राहगीर पर पड़ गया, जिससे वह नाराज हो गया और गुस्से में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसी समय वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने बीच-बचाव करते हुए स्थिति को संभालने का प्रयास किया। उन्होंने होली का हवाला देते हुए कहा कि बच्चा है, उससे अनजाने में गलती हो गई होगी। उन्होंने बच्चे की ओर से माफी मांगते हुए नाराज व्यक्ति को समझा-बुझाकर घर भेज दिया। उस समय मामला शांत हो गया और लोगों ने समझा कि विवाद समाप्त हो गया है। लेकिन गुरुवार की सुबह वही व्यक्ति दोबारा गुस्से में संबंधित परिवार के घर पहुंच गया। बताया जाता है कि उसने वहां पहुंचकर गाली-गलौज शुरू कर दी और दबंगई दिखाने लगा। परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो बात बढ़ गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। झड़प के दौरान लाठी-डंडे चलने से एक ही परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। घायलों में श्रवण कुमार, अंजू देवी, बबीता देवी, मनीष कुमार और सत्येंद्र चौधरी शामिल हैं। परिजनों के मुताबिक घायलों में तीन भाई, उनकी मां और भाभी शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल श्रवण कुमार ने बताया कि आरोपित पड़ोसी ही हैं। काको थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल को गांव भेजा गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और गांव में शांति कायम है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


