
अस्पतालों में आवश्यक दवाओं की कमी नहीं होनी चाहिए
चिकित्सक एवं कर्मी निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिला में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं उपलब्धता का जायजा लेने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी अमृषा बैस के द्वारा...
चिकित्सक एवं कर्मी निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें दवा भंडारण कक्ष, रोगी पंजीकरण एवं उपचार व्यवस्था की समीक्षा अरवल, निज प्रतिनिधि। जिला में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं उपलब्धता का जायजा लेने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी अमृषा बैस के द्वारा कुर्था प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लारी का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, ओपीडी संचालन, रोगियों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता का गहन अवलोकन किया गया। उन्होंने दवा भंडारण कक्ष, पंजी संधारण, रोगी पंजीकरण एवं उपचार व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की।
जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि सभी चिकित्सक एवं कर्मी निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी स्थिति में आवश्यक दवाओं की कमी नहीं होनी चाहिए तथा दवाओं की नियमित आपूर्ति एवं अद्यतन स्टॉक बनाए रखा जाए। निरीक्षण के क्रम में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्वच्छता एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी की जाए। जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लारी को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु आवश्यक संसाधनों की पहचान कर तत्काल कार्य योजना तैयार की जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ हो सकें। फोटो- 01 जनवरी अरवल- 16 कैप्शन- कुर्था प्रखंड के लारी पीएचसी परिसर में निरीक्षण के दौरान गुरुवार को अधिकारियों को निर्देश देते डीएम अमृषा बैंस।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




