Jahanabad News: चीनी की जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई
Jahanabad News: चीनी की कीमतों में वृद्धि के मद्देनजर जिला प्रशासन सख्त, चीनी की कीमतों में हाल में हुई अप्रत्याशित वृद्धि को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी,...

Jahanabad News: चीनी की कीमतों में वृद्धि के मद्देनजर जिला प्रशासन सख्त जहानाबाद, कार्यालय संवाददाता। चीनी की कीमतों में हाल में हुई अप्रत्याशित वृद्धि को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी, जहानाबाद द्वारा जिले के सभी चीनी थोक विक्रेताओं के साथ बैठक आयोजित कर बाजार में चीनी की उपलब्धता, भंडारण एवं मूल्य की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य
बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में चीनी की निर्बाध एवं पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करना तथा कृत्रिम अभाव, जमाखोरी एवं कालाबाजारी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना था। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा सभी थोक विक्रेताओं को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि चीनी की जमाखोरी, अवैध भंडारण अथवा कालाबाजारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी इसलिए सभी विक्रेता नियमानुसार स्टॉक का संधारण करें तथा बाजार में मांग के अनुरूप नियमित रूप से चीनी की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के निर्देश
जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में चीनी के थोक विक्रेताओं एवं गोदामों का नियमित तथा औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। निरीक्षण के दौरान उपलब्ध स्टॉक, भंडारण की स्थिति एवं बिक्री व्यवस्था की गहन जांच सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जांच के क्रम में यदि किसी विक्रेता द्वारा अवैध भंडारण, जमाखोरी, कृत्रिम कमी उत्पन्न करने अथवा कालाबाजारी के साक्ष्य पाए जाते हैं, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अवश्यकता पर ध्यान
बैठक में वर्तमान स्टॉक की समीक्षा के क्रम में यह पाया गया कि जिले में चीनी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं है। जिला प्रशासन द्वारा आपूर्ति एवं बाजार मूल्य की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा घबराहट में आवश्यकता से अधिक चीनी की खरीदारी न करें। अनावश्यक रूप से अधिक मात्रा में खरीदारी करने से बाजार में कृत्रिम दबाव उत्पन्न हो सकता है। साथ ही आमजनों से अनुरोध किया गया है कि यदि कहीं भी चीनी की जमाखोरी, अवैध भंडारण, कृत्रिम कमी अथवा कालाबाजारी से संबंधित कोई सूचना प्राप्त होती है, तो इसकी जानकारी तत्काल जिला प्रशासन अथवा संबंधित आपूर्ति पदाधिकारी को उपलब्ध कराएं। प्राप्त शिकायतों की त्वरित जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फोटो- 22 अगस्त जेहाना- 21 कैप्शन- शहर स्थित अनुमंडल कार्यालय में शनिवार को चीनी के दाम में अप्रत्याशित वृद्धि को लेकर थोक विक्रेताओं के साथ बैठक करते अनुमंडल पदाधिकारी।


