Jahanabad News: 187 आंगनवाड़ी केंद्रों में पानी एवं 151 में शौचालय नहीं
Jahanabad News: पोषण ट्रैकर में गड़बड़ी पर केंद्रवार सत्यापन का डीएम ने दिया निर्देश, जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों और माताओं को मिलने वाली पोषण एवं अन्य जरूरी सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अब...

Jahanabad News: पोषण ट्रैकर में गड़बड़ी पर केंद्रवार सत्यापन का डीएम ने दिया निर्देश -कुपोषित बच्चों की नियमित स्क्रीनिंग के साथ पीएचसी-एनआरसी से जोड़ने पर जोर जहानाबाद, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों और माताओं को मिलने वाली पोषण एवं अन्य जरूरी सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अब कमियों को केंद्रवार चिन्हित कर दूर करने की कवायद तेज कर दी है।
अंगनबाड़ी केंद्रों की सुविधाओं की समीक्षा
शनिवार को जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने आईसीडीएस विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं से लेकर पोषण सेवाओं और कुपोषित बच्चों की स्क्रीनिंग तक की स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा में सामने आया कि जिले के 1260 सत्यापित आंगनबाड़ी केंद्रों में 187 में पेयजल, 151 में शौचालय और 88 केंद्रों में स्थायी बिजली कनेक्शन उपलब्ध नहीं है।
सुविधाओं की गुणवत्ता और उपयोगिता
उन्होने स्पष्ट निर्देश दिया कि केवल सुविधाएं उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी गुणवत्ता, उपयोगिता और सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाए। जिन केंद्रों पर पेयजल की सुविधा नहीं है, वहां विभागीय राशि के साथ वीबी-जी राम जी के अभिसरण मॉडल से आवश्यक जल संरचना तैयार कराने का निर्देश दिया गया। वहीं दूषित या असुरक्षित पानी, खराब अथवा अपर्याप्त जलस्रोत वाले केंद्रों की सूची तैयार कर पीएचईडी को उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि प्राथमिकता के आधार पर सुधार कराया जा सके।
आंगनबाड़ी भवनों की मरम्मत की स्थिति
आंगनबाड़ी भवनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए डीएम ने मरम्मत योग्य केंद्रों की केंद्रवार सूची संबंधित कार्यकारी विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। आईसीडीएस और संबंधित कार्यकारी विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर मरम्मत कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा गया। चयनित आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प की प्रगति को नियमित रूप से अपडेट करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में पोषण ट्रैकर की प्रविष्टियों की भी गहन समीक्षा हुई।
पोषण ट्रैकर में सुधार
भौतिक सत्यापन और पोषण ट्रैकर पर दर्ज आंकड़ों में अंतर वाले केंद्रों को चिह्नित करते हुए डीएम ने केंद्रवार सत्यापन कर सही और अद्यतन प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी सेविकाओं को पोषण ट्रैकर के संचालन का प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी जिला प्रोग्राम पदाधिकारी को दी गई। बैठक में केंद्रों पर वजन मापने वाली मशीनों के खराब होने की शिकायत पर भी संज्ञान लिया गया। संबंधित उपकरणों की उपलब्धता और आवश्यकता को लेकर विभाग को पत्राचार करने का निर्देश दिया गया।
पोषण पखवाड़ा और जनभागीदारी
डीएम ने पोषण पखवाड़ा को महज औपचारिक कार्यक्रम न बनाकर इसे जनभागीदारी आधारित जागरूकता अभियान के रूप में संचालित करने को कहा। आंगनबाड़ी स्तर तक पोषण, एनीमिया, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और संतुलित आहार को लेकर जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने पर जोर दिया गया। फोटो- 05 सितम्बर जेहाना- 18 कैप्शन- शहर स्थित कलेक्ट्रेट में आईसीडीएस विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारी व अन्य।


