मधुश्रवा मेला में गौ संरक्षण को लेकर चला हस्ताक्षर अभियान
मेहंदिया में मलमास के अवसर पर आयोजित मधुश्रवा मेला में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग से जुड़ा हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने इस अभियान में भाग लिया। ज्ञापन आगामी 27 जुलाई को जिला पदाधिकारी को सौंपा जाएगा, जिसमें गौ संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की जाएगी।

मेहंदिया, निज संवाददाता । मलमास के अवसर पर आयोजित मधुश्रवा मेला में गौ संरक्षण एवं गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस अभियान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण भाग लेकर अपना समर्थन दर्ज करा रहे हैं।अभियान के आयोजकों ने बताया कि देशभर में गौ हत्या पर पुन: पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर लोगों से हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं। यह अभियान साध्वी निष्ठा गोपाल दीदी के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। इसके तहत अरवल जिले के सभी पांच प्रखंडों की 66 पंचायतों के गांवों से ग्रामीणों के हस्ताक्षर एकत्र किए जा रहे हैं।
अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं के अनुसार, एकत्रित हस्ताक्षरों से युक्त ज्ञापन आगामी 27 जुलाई को जिला पदाधिकारी को सौंपा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से गौ संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने की मांग की जाएगी। अभियान के जिला संयोजक अजय पासवान, सह जिला संयोजक इंदल सिंह, सेवा प्रमुख अजय कुमार शर्मा, दीपक सिंह, कमलेश सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मेला परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में लोगों से संपर्क कर हस्ताक्षर अभियान चला रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


