
शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण के लिए कल लगेगा कैंप
जहानाबाद, निज संवाददाता।कैंप में जिले में पदस्थापित सभी कोटि के शिक्षकों/कर्मी का सेवा/वेतन बकाया, अन्तर वेतन, विभिन्न प्रकार के अवकाश की स्वीकृति तथा अन्य समस्याओं का निराकरण होगा।
जहानाबाद, निज संवाददाता। जहानाबाद जिले में पदस्थापित एवं कार्यरत शिक्षकों की विभिन्न प्रकार के सेवा संबंधित तथा वेतन भुगतान संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए बुधवार को प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के नेतृत्व में कैम्प लगेगा। कैंप में जिले में पदस्थापित सभी कोटि के शिक्षकों/कर्मी का सेवा/वेतन बकाया, अन्तर वेतन, विभिन्न प्रकार के अवकाश की स्वीकृति तथा अन्य समस्याओं का निराकरण होगा। संबंधित शिक्षक स्वयं उपस्थित हो कर अपनी समस्या से कार्यालय को अवगत करा सकेंगें। डीएम ने सभी प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि उक्त कैम्प के आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारी यथा पोस्टर, बैनर, बैठने की व्यवस्था एवं पेयजल आदि की व्यवस्था करना सुनिश्चित करेगें।
संबंधित शिक्षक के विद्यालय प्रधान उक्त कैम्प मे ससमय भाग लेने हेतु शिक्षकों/कर्मी को विरमित करेंगें। शिकायत पत्र की सम्पुष्टि हेतु विद्यालय प्रधान का अग्रसारण एवं उनके विद्यालय का पत्रांक एवं दिनांक अंकित होना आवश्यक है। स्थानान्तरण/विद्यालय मरम्मति एवं असैनिक कार्य आदि से संबंधित शिकायत इस कैम्प में स्वीकृत नहीं किया जायेगा। डीएम ने कहा है कि सभी प्राप्त शिकायतों का विहित प्रारूप में एक पंजी में समेकन किया जायेगा, जिसे संबंधित कार्यालय द्वारा शिकायत की प्रवृति के आधार पर त्वरित रूप से निष्पादन किया जायेगा।संबंधित शिक्षक कैम्प मे विहित प्रपत्र में आवेदन करते समय इस संबंध में पूर्व मे विभिन्न स्तर पर दिये गये आवेदन एवं अन्य आवश्यक वांछित अनुलग्नक की प्रति एवं स्वअभिप्रमाणित प्रति संलग्न करेंगें। कैम्प में प्राप्त सभी आवेदन की पावती तत्क्षण ही शिक्षकों/कर्मी को दी जायेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




