
अस्पतालों में जीवन रक्षक दवाओं की निर्बाध उपलब्धता रखें
24 घंटे प्रसव सेवाएं सुचारू रूप से संचालित रखने पर विशेष फोकस , जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई।
24 घंटे प्रसव सेवाएं सुचारू रूप से संचालित रखने पर विशेष फोकस संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए सभी गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच कराएं अरवल, निज प्रतिनिधि। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में डॉक्टरों की उपलब्धता, पैथोलॉजी जांच सुविधाओं की स्थिति, दवाओं की उपलब्धता, संस्थागत प्रसव की अद्यतन स्थिति, एम्बुलेंस सेवा, अस्पतालों की साफ-सफाई, पेयजल एवं बिजली व्यवस्था सहित सभी आवश्यक बिंदुओं पर गहन समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित की जाए।

पैथोलॉजी जांच सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए जांच रिपोर्ट समयबद्ध उपलब्ध कराने तथा सभी आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने हेतु सभी गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच, प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात देखभाल तथा 24 घंटे प्रसव सेवाएं सुचारू रूप से संचालित रखने पर विशेष बल दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही जिला पदाधिकारी द्वारा स्पष्ट रूप से सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया कि अत्यधिक ठंड के कारण होने वाली विभिन्न बीमारियों एवं शीतलहर से उत्पन्न स्वास्थ्य समस्याओं से निपटने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्व से सुनिश्चित कर ली जाएं। इसके अंतर्गत अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में ठंड जनित रोगों से संबंधित दवाओं की उपलब्धता, उपचार किट, प्राथमिक उपचार व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने तथा जरूरतमंदों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने रोगियों के साथ संवेदनशील व्यवहार, अस्पताल परिसरों में स्वच्छता, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों का नियमित निरीक्षण कर कमियों की पहचान करते हुए त्वरित सुधार सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उक्त समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, सिविल सर्जन, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, जिला स्वास्थ्य समिति के पदाधिकारी, सभी पीएचसी एवं सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। फोटो- 05 दिसंबर अरवल- 16 कैप्शन- अरवल कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करती डीएम अभिलाषा शर्मा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




