रक्सौल में IT-ED का डेरा; तीसरे दिन भी रेड, व्यापारियों के 14 ठिकाने खंगाले, बाजार में पसरा सन्नाटा
रक्सौल में आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की संयुक्त छापेमारी लगातार तीसरे दिन भी जारी है। सोमवार को भी रक्सौल के कुल 14 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की कार्रवाई चलती रही। छापेमारी की भनक लगते ही शहर के कई सीए अपने कार्यालय बंद कर भूमिगत हो गए हैं।

बिहार के रक्सौल में आयकर विभाग एवं प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की संयुक्त छापेमारी सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। सुरक्षा की दृष्टि से छापेमारी में शामिल टीम के साथ एसएसबी व अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती विभिन्न इलाकों में और बढ़ा दी गई है। जानकारी के अनुसार सोमवार को भी रक्सौल के कुल 14 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की कार्रवाई चलती रही। इससे पूर्व लक्ष्मीपुर स्थित बाइक एजेंसी शोरूम, पंकज चौक स्थित ज्वेलरी शोरूम तथा उसके संचालक के आवास पर हुई छापेमारी के दौरान कई अहम सुराग मिलने के बाद जांच का दायरा लगातार बढ़ाया गया।
इन्हीं खुलासों के क्रम में बैंक रोड जगमाल गली , मुख्य पथ पर स्थित एक आवासीय होटल, परेऊआ सहित छह से अधिक नये ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जिनमें कई चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के कार्यालय और उनसे जुड़े परिसरों को भी जांच के दायरे में लिया गया है। छापेमारी की भनक लगते ही शहर के कई सीए अपने कार्यालय बंद कर भूमिगत हो गए हैं । लगातार हो रही कार्रवाई से रक्सौल के व्यवसायिक जगत में दहशत का माहौल है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि रक्सौल के इतिहास में अब तक इतनी व्यापक और सघन छापेमारी कभी नहीं देखी गई। कई कारोबारियों की दुकानों के शटर गिर चुके हैं और बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। इस कार्रवाई का असर छोटे व्यापारियों पर भी साफ दिख रहा है, जिनमें भय और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासों की आशंका जताई जा रही है।





