नवम्बर तक 5 लाख करोड़ का निवेश, 7 हजार करोड़ की आमदनी; सम्राट सरकार का माइनिंग प्लान क्या है?

पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो
Follow us on Google News
share

खनिज संपदाओं से राज्य को लगभग छह से सात हजार करोड़ रुपये का सालाना राजस्व मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि रोहतास में लाइम स्टोन, जहानाबाद तथा जमुई में मैग्नेट और औरंगाबाद, गया, बांका एवं भागलपुर में खनिज का बड़ा रिसोर्स है।

Samrat Choudhary
सम्राट चौधरी

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में संसाधन की कमी नहीं है। राज्य के कई जिलों में खनिज संपदाओं का भंडार मिला है, जिससे प्राप्त होने वाली रॉयल्टी का उपयोग बिहार की जनता के हित और राज्य के विकास में किया जाएगा। इन खनिज संपदाओं से राज्य को लगभग छह से सात हजार करोड़ रुपये का सालाना राजस्व मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सोमवार को पटना में कोयला एवं खान मंत्रालय द्वारा आयोजित महत्वपूर्ण एवं सामरिक खनिज ब्लॉकों की नीलामी एवं एनएमईडीटी कार्यशाला के उद्घाटन के मौके पर यह बात कही। कार्यशाला में गया और रोहतास स्थित तीन ब्लॉक सहित देश के कुल 20 खनिज ब्लॉकों की नीलामी पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रोहतास में लाइम स्टोन, जहानाबाद तथा जमुई में मैग्नेट और औरंगाबाद, गया, बांका एवं भागलपुर में खनिज का बड़ा रिसोर्स है। इन सभी का सदुपयोग करना है। खनिज संपदा का किसी भी स्तर पर दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा। राज्य में खनिज केंद्र स्थापित करने के साथ नवंबर तक पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश लक्ष्य को हासिल करने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई खनिज ब्लॉकों का टेंडर किया गया है और कुछ की प्रक्रिया चल रही है। खनिज ब्लॉक आवंटन के रिकॉर्ड नौ महीने में खनन कार्य को पूर्ण करने का प्रयास होगा। पत्थर के 44 ब्लॉकों में से 28 में सर्वे का काम आगे बढ़ा है। 30 सितम्बर के पहले 30 से अधिक ब्लॉक आवंटित कर दिये जायेंगे। 15 अक्तूबर से खनन कार्य शुरू होगा। मुख्यमंत्री ने निवेशकों से निर्भीक होकर अपने काम को आगे बढ़ाने का आग्रह किया और कहा कि सरकार हर तरह से सहयोग करेगी।

इस अवसर पर खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ प्रमोद कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, खान मंत्रालय के संयुक्त सचिव कदम संदीप वसंत, निदेशक आशीष सक्सेना, खान एवं भूतत्व विभाग के सचिव अवनीश कुमार सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

क्रिटिकल मिनरल में 2047 से पहले आत्मनिर्भर बनेगा भारत : सतीश चंद्र दूबे

केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दूबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार क्रिटिकल मिनरल के मामले में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। वर्ष 2047 से पहले भारत आत्मनिर्भर बनेगा और आयात की जगह निर्यात में सक्षम होगा। क्रिटिकल मिनरल्स को अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उन्होंने कहा कि सुई से लेकर जहाज तक, सभी जगह इसकी उपयोगिता है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि वृहद खनिजों के मिलने से निवेश, रोजगार और सरकार का राजस्व भी बढ़ेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर राज्य सरकार समय से पहले खनन कार्य पूरा करती है तो उपरोक्त समय अवधि के लिए प्रोत्साहन राशि दी जायेगी।

क्या कहते हैं खनन सचिव?

इस मामले में खनन विभाग के सचिव अवनीश कुमार सिंह ने कहा है कि अभी तक परंपरागत रूप से बिहार में केवल बालू और पत्थर की नीलामी होती थी। अब हम प्रमुख खनिजों की भी नीलामी कर रहे हैं। बिहार में कुल 6 खनिज ब्लॉक हैं। इनमें से कुछ ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है, जबकि अन्य के लिए नई प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। बिहार में लोहा, तांबा, जस्ता, शीशा, वेनेडियम जैसे खनीज भी मौजूद हैं। अब उनपर काम किया जा रहा है। अच्छी बात यह है कि देश-विदेश से निवेशक बिहार में खनन में रुची ले रहे हैं। उनका विश्वास बिहार पर बढ़ रहा है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar News5 लाख करोड़ का निवेश, 7 हजार करोड़ की आमदनी; सम्राट सरकार का माइनिंग प्लान