मुजफ्फरपुर में इंटरनेट सेवा बहाल; गृह विभाग की स्वीकृति पर डीएम का फैसला, AISA ने बुलाया है बिहार बंद
मुजफ्फरपुर में के शहरी इलाके में बंद की गई इंटरनेट सेवा को बहाल कर दिया गया है। गृह विभाग की सहमति पर यह निर्णय डीएम गौरव कुमार ने लिया है। बिहार बंद को देखते हुए एहतियातन शहरी इलाके में इंटरनेट को बंद किया गया था।

Internet Services in Muzaffarpur Restored: बिहार बंद को लेकर मुजफ्फरपुर में के शहरी इलाके में बंद की गई इंटरनेट सेवा को फिर से बहाल कर दिया गया है। गृह विभाग की सहमति पर यह निर्णय डीएम गौरव कुमार ने लिया है। इससे पहले शुक्रवार की शाम को सूचना जारी की गई थी कि अनिवार्य कारणों से 26 जुलाई, रविवार दस बजे तक के लिए नगर और आस पास के इलाकों में इंटरनेट की सेवा बंद रहेगी। हालांकि, ग्रामीण इलाकों में इस पर कोई रोक नहीं लगाई गयी थी।
जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर द्वारा शुक्रवार की शाम में सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, थानाध्यक्षों एवं अन्य अधिकारियों के साथ विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गई थी। सभी थाना प्रभारियों से अद्यतन स्थिति के संबंध में जानकारी ली गई। आईसा एवं अन्य संगठनों की ओर से आहूत बिहार बंद को देखते हुए जिले में इंटरनेट सेवा को बंद कराया गया था।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा है कि बंद को लेकर जिला प्रशासन सतर्क और सजग है। सभी थानाध्यक्षों द्वारा बताया गया था कि स्थिति सामान्य है। विधि व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। ज़िलाधिकारी ने कहा कि समीक्षा के उपरांत जनहित में इंटरनेट पर से प्रतिबंध हटाने की अनुशंसा गृह विभाग से की गई थी। स्थिति को देखते हुए इंटरनेट की सुविधा बहाल कर दी गयी है।
26 जुलाई 10 बजे तक थी रोक
इससे पहले शुक्रवार को निर्णय लिया गया था कि मुजफ्फरपुर के दो पुलिस अनुमंडलों में सोशल मीडिया पर तीन दिन तक रोक रहेगी। युवाओं व छात्रों के आंदोलन और कानून व्यवस्था को देखते हुए राज्य सरकार ने यह प्रतिबंध लगाया है। सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका जताते हुए डीएम और एसएसपी की ओर से सरकार को रिपोर्ट भेजी गई थी। इसके बाद यह फैसला लिया गया। सोशल मीडिया पर प्रतिबंध 24 जुलाई की दोपहर 12.30 बजे से 26 जुलाई की सुबह दस बजे तक रहेगा। इसके दायरे में पुलिस अनुमंडल नगर-एक और नगर-दो का क्षेत्र रहेगा। अनुमंडल नगर-एक में पूरा मुजफ्फरपुर शहरी क्षेत्र और नगर-दो में सदर, ब्रह्मपुरा व अहियापुर थाने का क्षेत्र आता है। डीएम कुमार गौरव ने सोशल मीडिया बंद रखे जाने की पुष्टि की।
डीएम की अपील
बिहार बंद को लेकर डीएम गौरव कुमार ने आमजनों से अपील किया है कि अपनी कोई भी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखें। किसी भी स्थिति में कानून को हाथ में नहीं लें। सरकारी संपत्ति का नुकसान नहीं करें या किसी के द्वारा ऐसा किया जाता है तो समय से प्रशासन या पुलिस को इसकी जानकारी दें। उन्होंने कहा है कि बंद के दौरान तोड़फोड़ करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई है पर सोशल मीडिया पर प्रसाशन की कड़ी निगरानी है। भ्रामक या विद्वेश फैलाने वाले संदेशों को आगे प्रसारित करने से बचें। ऐसा करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ड्रोन से निगरानी, सादे लिबास में पुलिस की तैनातीः एसएसपी
बिहार बंद को लेकर मुजफ्फरपुर में SSP कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा है कि सुरक्षा के चाक चौबंद प्रबंध किए गए हैं। शहर से लेकर गांव तक स्थानीय थाना पुलिस के अलावे संवेदनशील स्थानों पर अलग से फोर्स की तैनाती की हई है। 25 QRT टीम, 8 SDPO के नेतृत्व में सुपर पेट्रोलिंग काम करेगी। सभी जगहों पर कैमरे के साथ साथ ड्रोन कैमरे से निगरानी की व्यवस्था की गई है। साथ ही साथ सभी महत्वपूर्ण जगहों पर सादे लिबास में पुलिस टीम रहेगी जो बंद के दौरान उपद्रव करने वाले पर नजर रखेगी।


