पटना एयरपोर्ट पर उतरने के बाद रनवे से आगे निकला विमान, बाल-बाल बचे 173 यात्री; पायलट ने कराई दोबारा लैंडिंग

Jul 16, 2025 06:06 am ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान, मुख्य संवाददाता, पटना
share

विमान के पायलट को लगा कि अगर इसी स्थिति में विमान को रनवे पर उतारा गया तो अनियंत्रित हो सकता है। इसीलिए उसने विमान को रनवे छूने के बाद ऊपर उठा लिया और दोबारा लैंडिंग कराई।

पटना एयरपोर्ट पर उतरने के बाद रनवे से आगे निकला विमान, बाल-बाल बचे 173 यात्री; पायलट ने कराई दोबारा लैंडिंग

पटना एयरपोर्ट पर एक बार फिर एक विमान हादसा टल गया है। दिल्ली-पटना इंडिगो की फ्लाइट (6 ई 2482) मंगलवार की रात पटना एयरपोर्ट पर हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बची। विमान रनवे पर उतरने के दौरान नियत बिंदु को पार (ओवरशूट) कर गया। पायलट ने होशियारी दिखाते हुए रनवे को छूने के बाद विमान को ऊपर ले लिया। फिर हवा में दो-तीन चक्कर लगाने के बाद विमान को वापस सुरक्षित उतारा।

विमान में सवार सभी 173 यात्री सुरक्षित हैं। एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि मंगलवार की रात करीब 9 बजे पायलट ने विमान की लैंडिंग कराई। विमान का चक्का रनवे को छुआ, पर तय टचिंग प्वाइंट से आगे निकल गया।

पायलट को लगा कि अगर इसी स्थिति में विमान को रनवे पर उतारा गया तो अनियंत्रित हो सकता है। इसीलिए उसने विमान को रनवे छूने के बाद ऊपर उठा लिया और दोबारा लैंडिंग कराई। पटना एयरपोर्ट का रनवे अपेक्षाकृत छोटा है। ऐसे में विमान की गति रनवे पर नियंत्रित नहीं रह पाती।

चिड़िया से टकराया था विमान

आपको याद दिला दे कि अभी हाल ही में पटना एयरपोर्ट पर एक और विमान हादसा टल गया था। इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट उड़ान भरने के बाद चिड़िया से टकरा गई थी। इंडिगो एयरलाइंस की विमान संख्या 6ई 5009 ने सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर उड़ान भरी थी और नौ बजे विमान लौट गई। उड़ान भरने के बाद विमान पक्षी से टकराया था और विमान में कंपन महसूस हुई थी। इसके बाद पायलट ने विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई थी। विमान में 175 लोग सवार थे।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।