
पटना एयरपोर्ट पर इंडिगो संकट कब तक रहेगा जारी, निदेशक ने बताया; 10 उड़ानें रद्द
हद तो तब हो गई जब बुधवार को लखनऊ जाने वाली फ्लाइट की पूर्व जानकारी लेने इंडिगो के काउंटर पर पहुंचे मो. मुश्ताक को सीधे बोर्डिंग के लिए जाने को कह दिया गया। उन्होंने कहा कि वह कल (गुरुवार) की फ्लाइट की सूचना मांग रहे हैं तब उन्हें दोबारा जानकारी दी गई।
इंडिगो संकट के कारण बुधवार को दस उड़ानें रद्द रहीं। उड़ानों की सूचना सही समय पर नहीं मिलने से दूरदराज के मुसाफिर जोखिम उठाकर पटना एयरपोर्ट पहुंचे। यहां अफरा-तफरी की स्थिति रही। यात्री भटकते रहे। बोर्डिंग के लिए जाते हुए यात्री मो. हसनैन अली बताते हैं कि वे सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। पटना एयरपोर्ट से दिल्ली और फिर आगे सऊदी अरब जाना है। इंडिगो की कॉल सेंटर से बताया गया कि फ्लाइट के संबंध में सभी सूचना 24 घंटे पहले ही दी जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मजबूरन बगैर जानकारी के ही वह सीवान से पटना के लिए निकल गए। किस्मत अच्छी रही कि उन्हें रास्ते में फ्लाइट के समय से होने की सूचना मिली। वे बोर्डिंग को जा रहे हैं, लेकिन हालात को देखते हुए अब भी भरोसा नहीं हो रहा है। वीजा में समय भी नहीं है। पहुंचने में देर हुई तो नौकरी चली जाएगी।
राशि वापसी की प्रक्रिया शुरू की
इंडिगो की उड़ानों के रद्द होने की संख्या धीरे-धीरे कम हो रही हैं। 15 दिसंबर तक इसके सामान्य होने की उम्मीद है। मंगलवार को एटरपोर्ट पर निदेशक सीपी द्विवेदी ने इंडिगो की तरफ से मिली जानकारी के हवाले से ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि रद्द हुई उड़ानों को लेकर इंडिगो ने यात्रियों को 5-15 दिसंबर के बीच की फ्लाइट के लिए पूरे पैसे वापसी का आश्वासन दिया है। राशि वापसी की प्रक्रिया चल रही है। मौके पर इंडिगो की स्टेशन मैनेजर शालिनी भी मौजूद रहीं।
काउंटर पर जानकारी देने में की जा रही लापरवाही
गंतव्यपर पहुंचने के लिए यात्री भले ही परेशान हैं लेकिन काउंटर पर सूचना देने में लापरवाही बरती जा रही है। फ्लाइट का नंबर और उड़ान की तारीख का मिलान किए बगैर जानकारी दे दी जा रही है। सरफराज आलम ने दुबई जाने के लिए पटना से चेन्नई होते हुए टिकट लिया था। काउंटर पर उन्हें जानकारी दी गई कि उनकी फ्लाइट शाम साढ़े चार बजे की है। टिकट पर प्रस्थान का समय रात 11.20 बजे लिखा हुआ था।
चेन्नई जाने वाली इंडिगो की जिस फ्लाइट (6E679) से उनका टिकट है, वह आज रद्द है। ऐसे में सरफराज भ्रम की स्थिति में इधर से उधर भागते नजर आए। हद तो तब हो गई जब बुधवार को लखनऊ जाने वाली फ्लाइट की पूर्व जानकारी लेने इंडिगो के काउंटर पर पहुंचे मो. मुश्ताक को सीधे बोर्डिंग के लिए जाने को कह दिया गया। उन्होंने कहा कि वह कल (गुरुवार) की फ्लाइट की सूचना मांग रहे हैं तब उन्हें दोबारा जानकारी दी गई।
यात्रियों की सहूलियत के लिए कई इंतजाम : निदेशक
पटना एयरपोर्ट के निदेशक सीपी द्विवेदी ने कहा कि उड़ानों में जारी व्यवधान के मद्देनजर यात्रियों की सहायता के लिए कई कदम उठाए गए हैं। इसके तहत टर्मिनल प्रबंधक के कार्यालय के भीतर एक केंद्रीकृत नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। एएआई संचालन टीम, सिविल इंजीनियरिंग, विद्युत विभाग और रेलवे अधिकारियों के प्रतिनिधि तैनात किए गए हैं। व्यवधानों के दौरान यह नियंत्रण कक्ष प्राथमिक सहायता केंद्र के रूप में कार्य करेगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए चेक-इन क्षेत्र में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कुर्सियां रखी गई हैं। आवश्यकता पड़ने पर खाने पीने के लिए पर्याप्त भोजन एवं पेय पदार्थ रखने के निर्देश दिए गए हैं। शौचालयों के रखरखाव के लिए चौबीसों घंटे अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए गए हैं। साथ ही उड़ानें रद्द होने और अपडेट की जानकारी पटना हवाई अड्डे के आधिकारिक एक्स हैंडल और मीडिया के माध्यम से तुरंत साझा की जा रही है।। इसके अतिरिक्त यात्री टर्मिनल मैनेजर की ड्यूटी हेल्पलाइन 9471000714 पर चौबीसों घंटे सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इंडिगो की बुधवार को रद्द हुईं उड़ानें
● 6E713/6E663 कोलकाता-पटना-कोलकाता
● 6E6451/6E6452 बेंगलुरु-पटना-बैंगलुरु
● 6E915/6E6683 हैदराबाद-पटना-हैदराबाद
● 6E6549/6E6550 दिल्ली-पटना-दिल्ली
● 6E678/6E679 चेन्नई-पटना-चेन्नई





