Indigo Crisis: बिहार में चौथे दिन 22 फ्लाइट रद्द, पटना से दिल्ली का किराया लंदन से भी महंगा
इंडिगो एयरलाइन्स के संकट के बीच शुक्रवार को पटना एयरपोर्ट की 12 समेत बिहार की 22 फ्लाइट रद्द रहीं। पटना से दिल्ली का किराया रविवार को 40 हजार के पार कर गया, जो दिल्ली से लंदन के विमान किराये से भी महंगा है।
देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो की उड़ानों में तीन दिनों से जारी संकट शुक्रवार को और गहरा गया। चौथे दिन बिहार में 22 सहित देशभर में 1000 से अधिक उड़ानें रद्द रहीं। इससे घरेलू उड़ानों का किराया आसमान पर पहुंच गया है। पटना से नई दिल्ली का किराया, नई दिल्ली से लंदन के किराये को भी पार कर गया। रविवार को पटना से नई दिल्ली (स्पाइसजेट) का विमान किराया 41380 रुपये है, जबकि उसी दिन दिल्ली से लंदन (हिथ्रो) का किराया (एयर इंडिया) 26351 रुपये है। शुक्रवार को पटना से नई दिल्ली का किराया 30 हजार रुपये के पार रहा।
इंडियो की फ्लाइट रद्द होने से एयर इंडिया, स्पाइसजेट की उड़ानों की मांग बढ़ गई हैं। कई मार्ग पर टिकटों की कीमत सामान्य दिनों की तुलना में 4 से 5 गुना तक है। दरभंगा से दिल्ली और मुंबई का किराया 37 हजार से 44 हजार रुपये के बीच है।
सामान्य दिनों में पटना-नई दिल्ली का किराया 5 से 6 हजार के बीच होता है, जो पांच दिसंबर को 32215 रुपए, पटना से मुंबई के लिए 8-9 हजार रुपये का किराया 35-40 हजार, पटना से बेंगलुरु का किराया करीब सात हजार से बढ़कर करीब 40 हजार रुपए पहुंच गया। वहीं पटना-चेन्नई रूट पर भी टिकट की कीमतें 7-8 हजार से बढ़कर 50 हजार से ऊपर चली गई थीं।
डीजीसीए ने वापस लिया आदेश
डीजीसीए ने साप्ताहिक अवकाश संबंधी अपने पूर्व के आदेश को वापस ले लिया है। कहा कि विमानों के परिचालन में आ रही बाधा और एयरलाइंस से मिले आवेदन पर फैसले को वापस लिया जाता है। बीते चार दिनों में रद्द उड़ानों की संख्या बढ़कर 1900 के पार पहुंच गई।
पटना की 12 समेत बिहार की 22 फ्लाइट रद्द
इंडिगो संकट के चलते बिहार के चार हवाई अड्डों से शुक्रवार को 22 फ्लाइट रद्द रहीं। ज्यादा असर दिल्ली की उड़ानों पर रहा। पटना एयरपोर्ट पर सर्वाधिक 12 फ्लाइट को रद्द किया गा। दरभंगा और पूर्णिया से 4-4 और गया से दो फ्लाइट रद्द रहीं।
पटना से दिल्ली की 5, बेंगलुरु की 2 और चेन्नई, भुवनेश्वर, कोलकाता, चंडीगढ़, गाजियाबाद की एक-एक उड़ानें रद्द रहीं। पटना एयरपोर् के प्रस्थान क्षेत्र में बने इंडिगो के टिकट काउंटर पर दिन भर यात्रियों की भीड़ लगी रही। इंडिगो द्वारा यात्रियों को तारीख बदलकर आगे का टिकट दिया जा रहा है। यात्रियों का गुस्सा एयरलाइन्स कर्मियों पर फूटा। दरभंगा एयरपोर्ट पर शुक्रवार को इंडिगो की 3 और अकासा एयरलाइन्स की एक फ्लाइट रद्द रही।





