
इंडिगो संकट के चलते बिहार के 4 एयरपोर्ट की 14 फ्लाइट रद्द, बेबस यात्रियों का हंगामा
इंडिगो एयरलाइन्स में आए आंतरिक संकट का असर बिहार के पटना, गया, दरभंगा और पूर्णिया एयरपोर्ट पर भी पड़ा। चारों एयरपोर्ट पर गुरुवार को 14 फ्लाइट रद्द रहीं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
Indigo Airlines Flights Status: इंडिगो एयरलाइन्स की विमान सेवा प्रभावित होने का असर बिहार के चारों एयरपोर्ट पर भी पड़ा। राज्य के चारों एयरपोर्ट पटना, गयाजी, दरभंगा और पूर्णिया में गुरुवार को 14 फ्लाइट रद्द कर दी गईं। पटना एयरपोर्ट पर अकेले 10 उड़ानें रद्द रहीं। साथ ही लगभग 12 फ्लाइट का देरी से परिचालन हुआ। गया और दरभंगा से एक-एक तथा पूर्णिया एयरपोर्ट से दो उड़ानें रद्द रहीं। इससे यात्री हवाई अड्डों पर परेशान एवं बेबस नजर आए। पटना और गया एयरपोर्ट पर यात्रियों ने हंगामा किया।
विमान रद्द रहने और परिचालन विलंब से होने के कारण कई यात्रियों को मजबूरन ट्रेन से यात्रा करनी पड़ी। पटना एयरपोर्ट पर यात्री दीपक कुमार ने बताया कि हमारा टिकट इंडिगो की फ्लाइट में दिल्ली जाने के लिए बुक था। लेकिन विमान रद्द हो गया। जिस कारण मजबूरन ट्रेन से जनरल टिकट लेकर यात्रा करनी पड़ रही है। वहीं एयरपोर्ट पर कई यात्रियों ने हंगामा भी किया। लेकिन एयरपोर्ट के अधिकारियों और सीआईएसएफ के जवानों ने लोगों को समझा-बूझाकर शांत कराया।
गयाजी: बोर्डिंग पास जारी करने के बाद विमान रद्द
गया एयरपोर्ट पर गुरुवार को इंडिगो की गया–दिल्ली फ्लाइट संख्या 6ई 2416 अचानक रद्द कर दी गई। इसमें वियतनाम के 35 यात्रियों सहित अन्य यात्री परेशान रहे। सभी यात्री सुबह 9 बजे से एयरपोर्ट पर पहुंच गए और उन्हें दोपहर 12:15 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरनी थी। दिल्ली से मुंबई जाने के लिए यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट 6ई 6773 निर्धारित थी। इसके लिए सभी के पास वैध टिकट और बोर्डिंग पास भी जारी कर दिया गया था। हालांकि बोर्डिंग पास मिलने के बाद फ्लाइट रद्द होने की सूचना ने यात्रियों को झटका दे दिया।





