देश का नया जामताड़ा बना भारत-बांग्लादेश सीमा का चोपड़ा इलाका, चाय बागानों की आड़ में चल रहा बड़ा साइबर सिंडिकेट
India Bangladesh Border Cyber Crime: भारत-बांग्लादेश सीमा से सटा पश्चिम बंगाल का चोपड़ा इलाका साइबर ठगी का नया केंद्र बन गया है। चाय बागानों की आड़ में चल रहे इस गिरोह ने बिहार के कई लोगों से लाखों की ठगी की है।

India Bangladesh Border Cyber Crime: झारखंड का जामताड़ा जिला साइबर ठगी के सबसे बड़े केंद्र के रूप में पूरे देश में कुख्यात रहा है, लेकिन अब बिल्कुल उसी की तर्ज पर पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले का भारत-बांग्लादेश सीमा से सटा चोपड़ा और दासपाड़ा का इलाका देश के नए 'जामताड़ा' के रूप में उभर रहा है। यहां फैले घने चाय बागानों और भारत-बांग्लादेश बॉर्डर की जटिल भौगोलिक स्थिति का गलत फायदा उठाकर साइबर अपराधियों का एक बहुत बड़ा और शातिर सिंडिकेट लगातार फल-फूल रहा है। सीमावर्ती इलाका होने की वजह से अपराधियों को यहां मोबाइल नेटवर्क बदलने और फर्जी नाम-पते पर सिम कार्ड हासिल करने में आसानी होती है, जिसके कारण पुलिस के लिए इन तक पहुंचना बेहद मुश्किल टास्क बनता जा रहा है।
बिजली बिल अपडेट करने का झांसा देकर रिटायर्ड कर्मचारी से उड़ाए 88 हजार
इस नए साइबर अड्डे से पूरे देश को निशाना बनाया जा रहा है, जिसमें ठगी के दो बड़े मामले सीधे तौर पर सामने आए हैं। पहले केस में जनवरी महीने के दौरान भीखनपुर के रहने वाले एक रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी तपन को बिजली बिल बकाया होने और रात में कनेक्शन काटने का फर्जी मैसेज भेजा गया था। जैसे ही पीड़ित ने मैसेज में दिए नंबर पर कॉल किया, चोपड़ा के एक शातिर ठग ने उनके बैंक खाते से 88 हजार रुपए साफ कर दिए। वहीं दूसरे केस में, दासपाड़ा इलाके से संचालित गिरोह ने बिहार के पूर्णिया जिले के श्रीनगर निवासी किसान रमेश महतो को निशाना बनाया। ठगों ने उन्हें फोन कर ₹25 लाख का लकी ड्रॉ लॉटरी जीतने का लालच दिया और प्रोसेसिंग फीस व जीएसटी के नाम पर कई किस्तों में ₹3.5 लाख ठग लिए।
बिहार, यूपी और मुंबई तक फैला है ठगों का जाल
चोपड़ा और दासपाड़ा के इन ठगों का नेटवर्क दिल्ली, मुंबई, बिहार और उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में तेजी से फैल चुका है। रिपोर्ट के अनुसार, इस गंभीर खतरे को देखते हुए साइबर एसपी कनिष्ठ श्रीवास्तव ने बताया कि दिनाजपुर के चोपड़ा, नवादा, नालंदा और जामताड़ा के साइबर गिरोहों पर पुलिस की पैनी निगाह है। वहीं, दक्षिण दिनाजपुर जिला के अपर पुलिस अधीक्षक सोम सुब्रा ने स्पष्ट किया कि इन जगहों पर साइबर अपराधियों के खिलाफ नियमित रूप से कड़ी कार्रवाई की जा रही है। अक्सर बिहार, यूपी, ओडिशा और बंगाल के अन्य जिलों की पुलिस टीमें इन ठगों की गिरफ्तारी के लिए यहां छापेमारी करती हैं, जिन्हें स्थानीय पुलिस द्वारा हर संभव सहयोग दिया जा रहा है।


