MLC बंशीधर और राहुल की सदस्यता रद्द कराने पहुंचा इंडिया गठबंधन, कार्यकारी सभापति पर बढ़ा दबाव

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

भाजपा का समर्थन करने वाले निर्दलीय एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज की सदस्यता रद्द करने की मांग करते हुए आरजेडी के नेतृ्तव में इंडिया गठबंधन की ओर से बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति रामवचन राय को ज्ञापन सौंपा गया है।

rjd complains mlc banshidhar rahul raj
निर्दलीय एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी एवं राहुल राज के खिलाफ बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति रामवचन राय को ज्ञापन देता इंडिया गठबंधन का प्रतिनिधिमंडल

बिहार विधान परिषद चुनाव में निर्दलीय जीतकर भारतीय जनता पार्टी के साथ जाने वाले एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज पर कार्रवाई का दबाव बढ़ रहा है। लालू-तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन ने बुधवार को कार्यकारी सभापति रामवचन राय से दोनों निर्दलीय विधान पार्षदों की शिकायत की है। विपक्ष ने बंशीधर और राहुल की विधान परिषद सदस्यता रद्द करने की मांग की। इससे पहले प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी दोनों निर्दलीय एमएलसी को अयोग्य ठहराने की मांग सभापति से कर चुकी है। बंशीधर और राहुल के भाजपा को समर्थन देने से एनडीए में भी असंतोष का माहौल है। दोनों एमएलसी हालिया चुनाव में जनता दल यूनाइटेड के उम्मीदवारों को हराकर सदन पहुंचे हैं।

विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन ने दोनों निर्दलीय निर्वाचित एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज को अयोग्य ठहराने के लिए विधान परिषद के कार्यकारी सभापति रामवचन राय को ज्ञापन सौंपा। आरजेडी के प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दकी के नेतृत्व में गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को रामवचन राय से मुलाकात की।

विपक्षी नेताओं ने कार्यकारी सभापति से शिकायत की है कि दोनों एमएलसी ने निर्दलीय चुनाव जीतकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इसलिए दल बदल कानून के तहत इनकी सदस्यता समाप्त की जाए। ज्ञापन देने वालों में शशि यादव, सुनील सिंह, शक्ति यादव समेत अन्य नेता शामिल रहे।

जन सुराज पार्टी भी कर चुकी है शिकायत

दोनों निर्दलीय एमएलसी की शिकायत लेकर पीके की जन सुराज पार्टी भी कार्यकारी सभापति के पास जा चुकी है। सोमवार को जन सुराज पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल भी विधान परिषद पहुंचा था। प्रशांत किशोर की पार्टी ने कार्यकारी सभापति रामवचन राय से बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। जन सुराज ने दोनों निर्दलीय एमएलसी के भाजपा जॉइन करने का दावा किया और इस संबंध में कथित सबूत भी पेन ड्राइव में कार्यकारी सभापति को सौंपे थे। इसके बाद रामवचन राय ने कानूनी विशेषज्ञों से राय लेने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की बात कही थी।

पहले कहा भाजपा जॉइन की, फिर पलटे

निर्दलीय निर्वाचित एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज बीते शनिवार को पटना स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे थे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई पार्टी की बैठक में वह शामिल हुए थे। इस बैठक की तस्वीर में वह भाजपा का दुपट्टा गले में डाले और हाथ में कथित सदस्यता पर्ची लिए नजर आए थे। प्रदेश कार्यालय से बाहर आकर मीडिया से बातचीत में दोनों विधान पार्षदों ने भाजपा की सदस्यता लेने की बात कही।

हालांकि, बंशीधर ब्रजवासी बाद में पलट गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लाइव आकर कहा कि भाजपा की सदस्यता नहीं ली, सिर्फ सरकार को समर्थन दिया है। वहीं, प्रदेश भाजपा की ओर से भी पहले दावा किया गया कि दोनों निर्दलीय एमएलसी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। हालांकि, कुछ देर बाद जानकारी दी गई कि उन्होंने सदस्यता नहीं ली, बल्कि सदन में पार्टी का समर्थन करने की घोषणा की है।

विपक्षी दलों का दावा है कि दोनों निर्दलीय एमएलसी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। नियमों के अनुसार निर्दलीय निर्वाचित सदस्य किसी भी दल में शामिल नहीं हो सकता है। ऐसा करने पर उन्हें अयोग्य ठहराया जा सकता है।

जेडीयू को हराकर निर्दलीय जीते बंशीधर और राहुल

हाल ही में हुए बिहार विधान परिषद चुनाव में बंशीधर ब्रजवासी ने तिरहुत स्नातक सीट से जेडीयू के उम्मीदवार अभिषेक झा को हराकर जीत दर्ज की थी। वहीं, राहुल राज ने सारण शिक्षक सीट पर जेडीयू के उम्मीदवार आनंद पुष्कर को हराया। राहुल भाजपा के पुराने नेता रहे हैं। हालिया चुनाव में एनडीए प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय लड़ने पर भाजपा ने उन्हें 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था। अब उन्होंने भाजपा में वापस आने का दावा किया है।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar NewsMLC बंशीधर और राहुल की सदस्यता रद्द कराने पहुंचा विपक्ष, कार्रवाई का दबाव बढ़ा