बेगूसराय में खौफनाक हत्याकांड, जहां पिता की हुई थी हत्या; वहीं 15 साल बाद बेटे को घसीटकर मार डाला
बेगूसराय के परिहारा में बदमाशों ने पिता की हत्या के गवाह बेटे को घर से खींचकर गोली मार दी। मृतक के पिता की भी 15 साल पहले उसी स्थान पर हत्या हुई थी। पुलिस इसे पुरानी रंजिश और गवाही से जोड़कर देख रही है और अपराधियों की तलाश जारी है।

Bihar News: बिहार के बेगूसराय जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। परिहारा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक ऐसी वारदात को अंजाम दिया है जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। परिहारा वार्ड नंबर 15 में बदमाशों ने एक युवक को उसके घर के सामने से सरेआम खींचकर अगवा किया और फिर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस युवक की हत्या ठीक उसी जगह पर की गई, जहां 15 साल पहले इसके पिता को मौत के घाट उतारा गया था।
पिता की हत्या का इकलौता गवाह था बेटा
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक अपने पिता की हत्या के मामले में मुख्य गवाह था। लगभग 15 वर्ष पूर्व इसी वार्ड में उसके पिता की हत्या कर दी गई थी। युवक लगातार अपने पिता के इंसाफ के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहा था और गवाही पर अड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी गवाही से नाराज होकर दूसरे पक्ष के लोगों ने साजिशन इस वारदात को अंजाम दिया है।
घर के बाहर से अपहरण, फिर गोलियों से भूना
मिल रही जानकारी के अनुसार, जब युवक अपने घर के बाहर टहल रहा था, तभी अचानक बदमाशों का एक झुंड वहां पहुंचा। बदमाश युवक को जबरन घर के सामने से घसीटते हुए कुछ दूर ले गए। वहां घात लगाए अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से युवक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
हत्या से दहशत में ग्रामीण
घटना के बाद से परिहारा वार्ड नंबर 15 में भारी तनाव और दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही परिहारा थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामला पुरानी दुश्मनी और गवाही से जुड़ा लग रहा है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने के लिए छापेमारी कर रही है।


