बिहार में करोड़ों का बैंक लोन घोटाला, असिस्टेंट मैनेजर और मास्टरमाइंड ने ऐसे लूटा सरकारी खजाना

Jayendra Pandey लाइव हिन्दुस्तान, दरभंगा
share

दरभंगा में इंडियन ओवरसीज बैंक के असिस्टेंट मैनेजर और मास्टरमाइंड को करोड़ों के लोन घोटाले में गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों और बिना वेरिफिकेशन के 14 खातों से करीब ₹2 करोड़ का गबन किया। पुलिस ने जाली मोहरें बरामद की हैं और फरार शाखा प्रबंधक व अन्य की तलाश जारी है।

बिहार में करोड़ों का बैंक लोन घोटाला, असिस्टेंट मैनेजर और मास्टरमाइंड ने ऐसे लूटा सरकारी खजाना

Bihar News: बिहार के दरभंगा जिले में सरकारी योजनाओं की आड़ में चल रहे एक बड़े बैंक लोन घोटाले का खुलासा हुआ है। इस मामले में साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) के असिस्टेंट मैनेजर रवि राघवेंद्र और गिरोह के मास्टरमाइंड विपिन पासवान को गिरफ्तार किया है। यह पूरा मामला तब प्रकाश में आया जब एक स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उसके नाम पर 18 लाख रुपये का लोन स्वीकृत किया गया है, जबकि उसने कभी आवेदन ही नहीं किया था। पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाला सच सामने आया कि महज 4 महीनों के भीतर बैंक अधिकारियों और बिचौलियों ने मिलकर करीब 2 करोड़ रुपये का अवैध लेनदेन किया है।

कैसे हुआ घोटाला?

इस घोटाले को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने एक संगठित सिंडिकेट बनाया था। ये लोग मुख्य रूप से प्रधानमंत्री खाद्य प्रसंस्करण योजना (PMFME) जैसी सरकारी योजनाओं को निशाना बनाते थे। गिरोह का तरीका यह था कि वे नकली दुकानों, जैसे मिठाई की दुकान या लेदर फैक्ट्री के नाम पर फर्जी कागजात और जाली मोहरें तैयार करते थे। बैंक के असिस्टेंट मैनेजर पर आरोप है कि उसने बिना किसी फिजिकल वेरिफिकेशन के फर्जी फील्ड रिपोर्ट लगाई और लोन पास कर दिया। लोन की यह पूरी राशि बैंक मैनेजर की मिलीभगत से मास्टरमाइंड विपिन पासवान के 'विपिन एंटरप्राइजेज' नामक खाते में भेजी जाती थी, जहां से इसे आपस में बांट लिया जाता था।

पुलिस की शुरुआती जांच में अब तक 14 ऐसे फर्जी खातों की पहचान की जा चुकी है जिनसे करोड़ों का गबन हुआ है। इस मामले के तार सरकारी विभागों से भी जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, उद्योग विभाग का एक कर्मी कृष्णा पासवान और बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक रविश चंद्रा भी इस साजिश में मुख्य रूप से शामिल थे, जो फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी संख्या में जाली दस्तावेज, बैंक की फर्जी मोहरें और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए हैं।

साइबर डीएसपी विपिन बिहारी ने बताया कि यह एक गंभीर वित्तीय अपराध है जिसमें सरकारी धन और आम जनता के दस्तावेजों का दुरुपयोग किया गया है। वर्तमान में पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और यह अंदेशा जताया जा रहा है कि जांच का दायरा बढ़ने पर घोटाले की रकम और भी बड़ी हो सकती है।

Jayendra Pandey

लेखक के बारे में

Jayendra Pandey
अदम गोंडवी के शहर गोण्डा से ताल्लुक रखने वाले जयेंद्र पाण्डेय मेनस्ट्रीम मीडिया में अपनी अलग पहचान बना रहे एक ऊर्जावान युवा पत्रकार हैं। वर्तमान में ’हिन्दुस्तान’ (Hindustan Times Group) के साथ जुड़कर जनसरोकार की खबरों को कवर कर रहे जयेंद्र ने नोएडा के प्रतिष्ठित संस्थान जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं और अपने करियर का आगाज ‘जी न्यूज’ की नेशनल टीम में इंटर्नशिप से किया। इसके बाद उन्होंने ’दैनिक भास्कर’ में बतौर ट्रेनी फीचर और स्पेशल स्टोरीज पर काम करते हुए कंटेंट की बारीकियों को समझा। अपनी पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग में अपना लोहा मनवाया, जिसमें नोएडा ट्विन टावर डिमोलिशन से लेकर बृजभूषण शरण सिंह बनाम पहलवानों के धरने तक कई हाई-प्रोफाइल इवेंट्स की ग्राउंड रिपोर्टिंग और अन्य कई स्पेशल स्टोरीज शामिल हैं। मीडिया के साथ-साथ जयेंद्र का रुझान पॉलिटिकल कंसल्टेंसी की ओर भी है। वे चुनावी समीकरणों और रणनीतिक प्रबंधन की अच्छी समझ रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।