Bihar Weather: सुपौल, किशनगंज और अररिया में भारी बारिश; पूरा दक्षिण बिहार गर्म, 15 दिन अहम
Bihar Weather: बिहार के अलग-अलग जिलों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। कहीं बारिश है तो कहीं भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। मानसून मुजफ्फरपुर में थम गया है। जिले में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।

Bihar Weather: जून के महीने में बिहार में मौसम ने लोगों को हैरान कर रखा है। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मानसून की एंट्री तो है लेकिन राज्य के ज्यादातर हिस्से पानी के लिए तरस रहे हैं। हालत यह है कि बिहार में समय से पूर्व मानसून आने के बाद भी इसका प्रभाव कमजोर बना हुआ है। पिछले पांच दिनों से मानसून मुजफ्फरपुर में रुका हुआ है। पटना समेत पूरे प्रदेश में बारिश के दिनों में उष्ण लहर जैसे हालात बने हुए हैं। मौसमविदों के अनुसार गुरुवार को पटना सहित दक्षिण बिहार गर्म रहेगा और तीन जिलों सुपौल,किशनगंज और अररिया में भारी बारिश के आसार हैं।
मालूम हो कि मानसून पटना आने में चार दिन देरी कर चुका है। 18 तक राज्य भर में मानसून के पूरी तरह प्रसार की मानक तिथि है लेकिन बारिश का टोटा बना हुआ है। इसकी वजह से प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री तक ज्यादा है। आलम है कि पटना सहित 32 जिलों में बारिश बिन लोग बेहाल हैं। सूबे में अधिकतम तापमान 35 से 42 डिग्री के बीच है।
मौसमविदों के अनुसार बारिश के लिहाज से अगले 15 दिन अहम हैं। गुरुवार को राज्य में कई जगहों पर आंधी -पानी और वज्रपात के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार बुधवार को मुजफ्फरपुर, लखीसराय समेत 11 जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिला। भीषण गर्मी के बीच मुजफ्फरपुर, लखीसराय, शिवहर, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, खगड़िया और बांका में मेघ गर्जन के साथ आंधी-पानी की स्थिति बने होने के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। जबकि, पटना सहित आसपास इलाकों के अलावा दक्षिण बिहार गर्म और शुष्क बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून का अगले चार से पांच दिनों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग भागों में आगे बढ़ने की संभावना है।
मुजफ्फरपुर में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
जिले के मौसम में बुधवार को दिनभर बदलाव का दौर जारी रहा। सुबह से त्वचा झुलसाने वाली गर्मी के बाद उमस ने लोगों को परेशान किया। दोपहर बाद अचानक से बादल छाने और 20 मिनट तक झमाझम हुई मानसून की पहली बारिश के बाद लोगों को राहत मिली। मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार से अगले तीन दिनों के लिए बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अनुसार 20 जून तक जिले में अधिकांश जगहों पर बारिश हो सकती है। पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान विभाग के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए सत्तार के अनुसार 20 जून तक जिले के कई स्थानों पर गरज और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
उबल रहा भागलपुर
भागलपुर जिला गर्मी और उमस झेलने को मजबूर है। बुधवार को जिले में लोगों को सूरज की तल्खी का सामना करना पड़ा है. मौसम वैज्ञानिको का कहना है कि भले ही जिले में 12 जून को उत्तरी मानसून ने दस्तक दे दी हो लेकिन दक्षिण-पश्चिम मानसून के आने के कारण संभावित अच्छी बारिश के लिए कम से कम चार दिन (21 जून) तक इतंजार करना होगा।
गया जी में सताएगी गर्मी
पिछले तीन दिनों से गया जी भीषण गर्मी की चपेट में है। तीखी के बीच उमस वाली गर्मी से जनजीवन प्रभावित है। धूप इतनी तीखी निकल रही है कि घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। 50 फीसदी नमी से उमस के कारण तापमान से अधिक गर्मी का अहसास हो रहा है। अभी बारिश के भी आासार नहीं है। अगले तीन-चार दिनों में मानसून की बारिश के आसार नहीं है। गर्मी के कारण जिले में दोपहर बाद कहीं-कहीं थंडरस्ट्रॉम यानी तेज हवा व गरज के साथ बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि अभी मानसून की स्थिति कमजोर है। बंगाल की खाड़ी या अरब सागर में कोई सिस्टम नहीं बनने के कारण मानसून मजबूत नहीं है। ऐसी स्थिति में अगले दो-तीन दिनों में मौसम के मिजाज में विशेष बदलाव का अनुमान नहीं है।


