Bihar Rain Alert: बिहार के रोहतास, नवादा और भभुआ में बारिश का ऑरेंज अलर्ट; बक्सर समेत इन जिलों में भी होगी बरसात
Bihar Rain Alert: बिहार के कई जिलों में आज भी बारिश होगी। मौसम विभाग के अनुसार, भभुआ, गया, नवादा और रोहतास में अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है तो पश्चिमी चंपारण, गोपालंगज, सीवान और बक्सर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
Bihar Rain Alert: बिहार के अलग-अलग जिलों में मानसून की बारिश हो रही है। मंगलवार यानी आज बिहार के 8 जिलों में भारी और अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, भभुआ, गया, नवादा और रोहतास में अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है तो पश्चिमी चंपारण, गोपालंगज, सीवान और बक्सर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बिहार के अधिकांश जिलों में मंगलवार को आंशिक से मध्यम बारिश के आसार हैं। पटना में बादलों की आवाजाही के बीच आंशिक बारिश संभावित है। अरवल, औरंगाबाद, भोजपुरी, पूर्वी चंपारण और सारण में मेघ गर्जन के साथ 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
बारिश से मौसम सुहाना, तापमान पहली बार 29 डिग्री पर पहुंचा
गया जी जिले में लो प्रेशर एरिया और मानसून ट्रफ लाइन के कारण दो दिनों से बारिश हो रही है। सोमवार को दिनभर रुक-रुक वर्षा होती रही। जिले में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हुई। गया जी शहर में रुक-रुक कर रिममिझ बरसात होती रही। गया जी शहर व बोधगया इलाके में दो दिनों में 75.2 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। रविवार से लेकर सोमवार की सुबह तक 41.8 और सोमवार की सुबह से शाम तक 33.4 एमएम वर्षा हुई है। बारिश व बादल से मौसम एकदम सुहाना हो गया है। इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान कम होकर 30 डिग्री से नीचे आ गया। सोमवार को अधिकतम सामान्य से चार डिग्री कम 29.0 और न्यूनतम 24.8 डिग्री रहा।
नमी की मात्रा तो 92 से 97 फीसदी तक बनी रही। अधिकतम तापमान महज 24 घंटे में तीन और चार दिनों में सात डिग्री से अधिक कम हो गया है। रविवार को अधिकतम 32.8, शनिवार को 33.0, शुक्रवार को 33.6 और गुरुवार को तो 36.4 डिग्री रहा था।मौसम विशेषज्ञ एस के पटेल ने बताया कि लो प्रेशर एरिया धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। बिहार के दक्षिणी हिस्से से होते हुए यूपी की ओर बढ़ रहा है। इस कारण अगले दो -तीन दिनों में हल्की बारिश होने का अनुमान है। जिले में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
सोमवार दिन भर बादलों के बीच गर्मी से मिली राहत
सोमवार को दिन भर बादल छाए रहने के कारण पूर्णिया शहर का मौसम सुहावना बना रहा। सोमवार को दिन भर रुक कर बुंदाबांदी रिमझिम बारिश हुई। सोमवार को रिमझिम बारिश होने के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली। सोमवार को रिमझिम फुहार का युवाओं ने आनंद उठाया। विगत दो सप्ताह से मौसम में बदलाव के बाद लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के सहायक वैज्ञानिक राकेश कुमार ने बताया कि सोमवार को न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
21 जुलाई एवं 22 जुलाई को मौसम साफ रहने की संभावना है। 23 जुलाई,24 जुलाई एवं 25 जुलाई को येलो अलर्ट जारी किया गया है। येलो अलर्ट में मेघा गर्जन एवं झमाझम बरसात होने की संभावना बनी हुई है। इधर लगातार हो रही बारिश के बीच धान रोपनी में किसान तेजी से जुट गए हैं। धान रोपनी अब अंतिम चरण पर है। विगत दो सप्ताह से मौसम धान रोपनी के लिए अनुकूल रहने के कारण कई किसान धान रोपनी कर निश्चिंत हो गए हैं। लेकिन कई किसानों का धान रोपनी पूरा नहीं हुआ है।
भागलपुर में बारिश के आसार
भागलपुर जिले में मौसम सुहाना बना हुआ है। सोमवार को लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। बिहार कृषि विश्वविद्यालय के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा ने भारत मौसम विभाग द्वारा जिले में 54.4 एमएम बारिश रिकॉर्ड किया है। पूर्वानुमान के अनुसार 22 जुलाई तक बारिश के आसार हैं।


