Bihar Weather Today 24 August: बिहार के तीन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, 20 जिलों में वज्रपात का अलर्ट; मौसम का हाल

हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

Bihar Weather Today 24 August: बिहार में मानसून कमजोर पड़ा है। हालांकि, इसके बावजूद स्थानीय वातावरणीय प्रभावों से राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश की स्थिति है। मौसम विभाग ने सोमवार को 20 जिलों में वज्रपात, मेघ गर्जन का अलर्ट जारी किया है।

Bihar Weather Update
बिहार के तीन जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट है। (फाइल फोटो)

Bihar Weather Today 24 August: मानसून के कमजोर होने के बावजूद स्थानीय वातावरणीय प्रभावों से बिहार के कुछ भाग में आंशिक बारिश की स्थिति बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार सोमवार को गया जी, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में मेघ गर्जन के साथ भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है। पटना में छिटपुट वर्षा की संभावना है।मौसम विभाग ने सोमवार को 20 जिलों में वज्रपात, मेघ गर्जन का अलर्ट जारी किया है। पटना में रविवार को उमस की स्थिति रही। दोपहर बाद बूंदाबांदी हुई। पटना का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 37.1 डिग्री सेल्सियस के साथ दरभंगा में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। पटना में 1.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

रविवार को सीवान के जीरादेई में सर्वाधिक वर्षा 51.2 मिमी दर्ज किया गया। मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गया जी, सुपौल, मोतिहारी, मधेपुरा में छिटपुट वर्षा के साथ दिन उमस भरा रहा। मानसून ट्रफ अमृतसर, पटियाला, मुरादाबाद, लखनऊ, डेहरी से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। इनके प्रभाव से प्रदेश में मेघ गर्जन के साथ भारी वर्षा की स्थिति बन रही है। पटना और आसपास के इलाकों में बादलों की आवाजाही बने होने के साथ कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी की स्थिति बनी रही है।

हल्की बारिश ने बढ़ाई उमस, लोग बेहाल

मुजफ्फरपुर जिले में रविवार को सुबह से ही चटक धूप निकलने के कारण अधिक गर्मी का अहसास हो रहा था। दोपहर में हुई हल्की बारिश के बाद उमस और अधिक बढ़ गई। इससे लोग गर्मी से बेहाल होकर पसीने से तरबतर होते रहे। हालांकि, पिछले दिन की अपेक्षा अधिकतम के साथ ही न्यूनतम तापमान में आंशिक कमी दर्ज की गई। मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार को भी कुछ जगहों पर बूंदाबांदी तो कहीं पर हल्की बारिश होने का आसार जताया है।

सुबह से ही जारी उमस व धूप के कारण लोग भारी बारिश होने का अनुमान लगा रहे थे। दोपहर एक बजे बादलों ने सूरज को अपने आगोश में समेट लिया तथा दोपहर करीब दो बजे हल्की बरसात शुरू हुई। बारिश खत्म होने के बाद उमस फिर बढ़ गई। शाम तक आसमान में बादल छाए रहे। बीच-बीच में हल्की धूप भी निकली। रविवार को अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस कम होकर 34.5 डिग्री रहा। यह सामान्य से दो डिग्री ऊपर रहा। वहीं, न्यूनतम 0.5 डिग्री सेल्सियस कम होकर 26 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.7 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान हवा में औसत नमी की मात्रा 95 प्रतिशत रहने से उमस की अधिकता बनी रही। कुल तीन मिमी बारिश दर्ज की गई।

पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने सोमवार को भी बारिश की संभावना व्यक्त की है। कहा कि कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हो सकती है। औसतन 10 एमएम बारिश होने की उम्मीद है।

उमस से लोग परेशान 36.6 डिग्री तापमान

पूर्णिया जिले में रविवार सुबह से ही आसमान से तपतपाती धूप निकलने से लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि सुबह आसमान में बादल दिखे लेकिन दिन चढ़ते ही धूप खिलने से उमस भरी गर्मी से लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है। चिलचिलाती धूप और गर्मी की तपिश बढ़ने के बाद लोगों को काफी दिक्कत हुई। गत रात उमस भरी गर्मी से लोगों को रात में दिक्कत हुई। उमस से पंखा का हवा भी गर्म साबित होने लगा। बिजली की लुका-छिपी से लोगों की परेशानी और बढ़ गयी। कई इलाकों में लो वोल्टेज से लोग परेशान रहे।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsबिहार के तीन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, 20 जिलों में वज्रपात का अलर्ट;