हम अपराधी हैं तो जेल भेज दो; पुराने अंदाज में लौटे तेजस्वी, नीतीश सरकार पर बरसे

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

बिहार चुनाव में हार के बाद तेजस्वी यादव ने कर्पूरी जयंती पर नीतीश सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कानून व्यवस्था, चुनाव में मशीनरी के दुरुपयोग और परिवारवाद का मुद्दा उठाया। तेजस्वी ने कहा कि संवैधानिक संस्थाएं हाइजैक हैं और अब संगठन मजबूत कर अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी जाएगी।

Tejashwi Yadav

बिहार विधानसभा चुनाव में हार के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एक बार फिर आक्रामक और पुराने तेवर में नजर आए। शनिवार को पटना स्थित राष्ट्रीय जनता दल (राजद) कार्यालय में जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने नीतीश सरकार और भाजपा पर जमकर हमला बोला। तेजस्वी ने बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया और कहा कि अपराध पर कार्रवाई करने के बजाय भाजपा नेता यह प्रचार कर रहे हैं कि उनके बिहार आने से अपराध बढ़ गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर सरकार को लगता है कि तेजस्वी अपराधी है, तो उन्हें जेल में बंद कर देना चाहिए।

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में जीत की नहीं, बल्कि उनके हारने की चर्चा हो रही है, क्योंकि किसी को भी ऐसे नतीजों की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव मशीनरी के बल पर जीता गया और केवल भाजपा व जदयू कार्यालयों में ही जश्न मनाया गया, जबकि जनता ने खुशी नहीं मनाई। उन्होंने दावा किया कि करीब 60 प्रतिशत जनता ने सरकार के खिलाफ वोट दिया, जिससे साफ है कि लोग बदलाव चाहते थे।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को हाइजैक कर लिया गया है, लेकिन राजद अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगा। परिवारवाद के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए उन्होंने सवाल किया कि सरकार में बैठे लोग कौन हैं और भाजपा अध्यक्ष किसके बेटे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव हारने वालों को भी मंत्री बनाया गया है और जनता सब देख रही है।

तेजस्वी यादव ने संगठन को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि बजट सत्र और संसद सत्र के बाद वे जिलावार दौरा करेंगे और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने सरकार से घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा करने की मांग की, जिसमें माताओं-बहनों को एक लाख रुपये देने, कल-कारखाने लगाने और एक करोड़ लोगों को रोजगार देने की बात शामिल है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में गरीबों का राज स्थापित होगा और राजद मजबूती से जनता की आवाज उठाता रहेगा।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।