संजय सिंह ने दी फोटो-वीडियो दिखाने की चुनौती; कहा- होटल कांड में मंत्रियों को बदनाम कर रहा विपक्ष
दिल्ली होटल कांड को तेज प्रताप यादव ने उस समय हवा दे दी, जब उन्होंने सीधे-सीधे बिहार सरकार में पीएचईडी मंत्री संजय सिंह पर इस कांड में शामिल होने के आरोप लगाए।

दिल्ली के होटल में कथित तौर पर एक महिला को देखकर बहक गए एक मंत्री का शरीर सैंडल से नापने की घटना की बिहार में खूब चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर इस प्रकरण को बिहार के एक मंत्री से जोड़ा जा रहा है और उसकी आड़ में कई नेताओं के नाम उछाले जा रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि दिल्ली के एक फाइव स्टार होटल में महिला कर्मचारी ने छेड़ने पर एक मंत्री की पिटाई कर दी। बिहार की राजनीति में इसको लेकर अटकलबाजी में एक से अधिक मंत्रियों के नाम घसीट दिए गए हैं।
इन आरोपों को लालू यादव के बड़े बेटे और महुआ से चुनाव हार गए तेज प्रताप यादव ने हवा देकर सीधे बिहार सरकार में लोजपा के मंत्री संजय सिंह पर संगीन आरोप लगा दिए। संजय महुआ से जीतकर ही विधायक और मंत्री बने हैं। तेज प्रताप के आरोप लगाने के बाद जब पटना में संजय सिंह से इसके बारे में पूछा गया तो उन्होंने इसे कैबिनेट को बदनाम करने की विपक्षी साजिश करार दिया। संजय ने चुनौती दी कि किसी ने कथित कांड में उनका नाम साबित कर दिया तो वो राजनीति से संन्यास ले लेंगे। संजय सिंह ने चुनौती दी है कि अगर किसी के पास इस कथित घटना की फोटो या वीडियो है तो सामने लाए।
संजय सिंह ने कथित होटल कांड पर क्या कहा?
संजय सिंह ने डिजिटल चैनल लाइव सिटीज से कहा, 'मैं विश्वास दिलाता हूं कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। यह मंत्री परिषद को बदनाम करने की साजिश हो रही है। हमें बिहार के बाहर से लोग फोन करके पूछ रहे हैं कि आखिर बिहार में क्या चल रहा है। अगर किसी के पास इससे संबंधित कोई भी फोटो या वीडियो साक्ष्य हैं तो वे इसे चलाएं, वरना मैं अपने साथी मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री से मिलूंगा और ऐसे चैनलों पर कार्रवाई करने का आग्रह करूंगा।'
उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, 'अगर कोई माई का लाल मेरा नाम कांड में साबित कर दे तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा। मंत्री परिषद में कोई ऐसा मंत्री नहीं है जो इस तरह की हरकत करे।' उन्होंने कहा कि एक विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ता झूठ फैला रहे हैं। उन सभी पर मुकदमा होगा और वे गिरफ्तार होंगे।
क्या कहा था तेज प्रताप यादव ने?
तेज प्रताप यादव ने इस कांड को लेकर ट्वीट किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'महुआ से विधायक एवं मंत्री संजय सिंह को लेकर दिल्ली के एक होटल में एक युवती के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार और उसके शोषण का प्रयास किए जाने के गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि होटल कर्मियों के हस्तक्षेप से स्थिति को संभाला गया। इसके बाद मामले को लगभग 25 लाख रुपये के कथित लेन-देन के माध्यम से रफा-दफा किए जाने का भी आरोप लगाया जा रहा है। संजय सिंह के राजनीतिक एवं सार्वजनिक जीवन को लेकर भी कई सवाल उठाए जा रहे हैं। यदि लगाए जा रहे ये आरोप सत्य हैं, तो यह अत्यंत गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जनता को सच्चाई जानने का अधिकार है। आरोपों की निष्पक्ष जांच हो और दोषी पाए जाने पर कानून के अनुसार कार्रवाई हो।'


