खान-वान को सपोर्ट नहीं करते हैं, खेसारी के समर्थन पर बोले तेज प्रताप यादव
कुछ दिनों पहले भी लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने खान सर को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। तेज प्रताप यादव ने खान सर पर राजनीति करने का आरोप लगाया था। तेज प्रताप यादव ने कहा था कि खान सर राजनीति करने लगे हैं, उनको अब पढ़ाने से मतलब नहीं है।

पटना में फैजल खान उर्फ खान सर के कोचिंग सेंटर पर मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग की घटना को लेकर सियासत भी खूब हो रही है। अब एक बार फिर जनशक्ति जनता दल सुप्रीमो तेज प्रताप यादव ने खान सर को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल हाल ही में भोजपुरी सिंगर और एक्टर तथा राजद नेता खेसारी लाल यादव ने खान सर का समर्थन किया था। इसी को लेकर जब तेज प्रताप यादव से पत्रकारों ने सवाल किया तो तेज प्रताप यादव ने इसके जवाब में दो टूक में कह दिया कि हम खान-वान का समर्थन नहीं करते हैं।
दरअसल भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव ने हाल ही में कहा था कि इनकी सरकार से बेहतर तो खान सर हैं। वो अपने हुनर से इतने सारे बच्चों को शिक्षा भी दे रहे हैं और बेहतर बनाने का प्रयास भी कर रहे हैं। इन्होंने अस्पताल तो बनाई नही। उस आदमी ने कम से कम सोचा। एक आदमी सोचिए कि इतने लोगों के विश्वास में आ गया, कैसे आ गया? अब भले ही खेसारी ने खान सर का समर्थन किया हो पर तेज प्रताप यादव ने साफ कहा है कि वो खान-वान का समर्थन नहीं करते हैं।
खान सर मीडियाबाजी में रहते हैं- तेज प्रताप यादव
आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले भी लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने खान सर को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। तेज प्रताप यादव ने खान सर पर राजनीति करने का आरोप लगाया था। तेज प्रताप यादव ने कहा था कि खान सर राजनीति करने लगे हैं, उनको अब पढ़ाने से मतलब नहीं है। हमेशा फोटो खिंचाने में लगे रहते हैं। वह काफी जलने लगे हैं। बगल के कोचिंग वाले से जलते हैं वो काफी जलनदाहा आदमी है। शिक्षक कभी अपना पॉपुलारिटी नहीं करवाता है बल्कि, बच्चों को पढ़ाने का काम करता है लेकिन खान सर मीडियाबाजी में लगे रहते हैं।
खान सर क्यों है चर्चा में
दरअसल इसी महीने की 02 जून की रात को पटना स्थित खान ग्लोबल इंस्टीच्यूट में 10-15 की संख्या में आए कुछ लोगों ने एक गार्ड से मारपीट की थी। इसके बाद खान सर के कोचिंग सेंटर में तोड़फोड़ भी की गई थी। इसके बाद खान सर ने इस हमले का आरोप पास ही स्थित ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी पर लगाया था। पुलिस ने मामले में ऐक्शन लेते हुए ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत 2 अन्य लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामले के अभियुक्तों पर खान ग्लोबल स्टडीज में प्रवेश कर गार्ड को खींचकर बाहर लाकर मारपीट करने और जख्मी कर देने का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने रौशन आनंद, अभिषेक कुमार और गौरव कुमार को गिरफ्तार कर 03 जून 2026 को जेल भेजा था। इनपर कदमकुआं थाना में 03 जून 2026 को बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कांड संख्या 410/26 के रूप में मामले की प्राथमिकी खान ग्लोबल स्टडीज के कर्मचारी की ओर से दर्ज कराई गई है।
वीडियो वायरल होने पर फंसे खान सर
इसके बाद अचानक कोचिंग सेंटर का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें घटना के दिन कोचिंग सेंटर के सुरक्षाकर्मी फायरिंग करते नजर आए। इसके बाद पुलिस ने खान सर के कोचिंग सेंटर पर दबिश देकर दोनों सुरक्षा गार्डों को अरेस्ट कर लिया। इन गार्डों ने पुलिस को बताया कि घटना के दिन उन्होंने खान सर के कहने पर ही गोली चलाई थी। इसके बाद खान सर पर हत्या के प्रयास और आर्म्स ऐक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। इधर केस दर्ज होने के बाद खान सर अचानक लापता हो गए। बाद में उनके वकीलों ने अदालत में उनकी अग्रिम जमानत याचिका दायर की। अदालत ने खान सर को 20 जून तक राहत दी है। अदालत ने खान सर की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।


