बिहार में एक इंच जमीन के लिए पति-पत्नी और ढाई साल के बेटे को जिंदा जलाया, हड़कंप
नीलू कुमारी ने बताया कि संपत्ति बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और केवल एक इंच जमीन के लिए उनके भसुर और जेठानी ने यह साजिश रची। उन्होंने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया।

बिहार में एक इंच जमीन के लिए पति-पत्नी और उनके बेटे को जिंदा जलाया गया है। बताया जा रहा है कि गयाजी जिले के बोधगया थाना क्षेत्र के अमवां गांव में केवल एक इंच जमीन के लिए चल रहे पारिवारिक विवाद ने रविवार की अहले सुबह हिंसक रूप ले लिया। शनिवार की आधी रात के बाद एक ही परिवार के तीन लोगों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया। इस घटना में पति-पत्नी और उनका ढाई वर्षीय मासूम बेटा गंभीर रूप से झुलस गए।
तीनों को मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों की पहचान अमवां के रामसेवक शाह के पुत्र 35 वर्षीय राणाफुलेश्वर, उनकी पत्नी 28 वर्षीय नीलू कुमारी और ढाई वर्षीय पुत्र विष्णु कुमार के रूप में हुई है। नीलू कुमारी ने बताया कि संपत्ति बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और केवल एक इंच जमीन के लिए उनके भसुर और जेठानी ने यह साजिश रची। उन्होंने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया।
कमरे में पेट्रोल डालकर किया आग के हवाले
नीलू कुमारी ने बताया कि शनिवार रात भैंसुर और जेठानी उनके कमरे में आए और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगते ही परिवार ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग पहुंचे और तीनों को किसी तरह बचाया। नीलू ने कहा, इस घटना में मेरा पति, बेटा और हम स्वयं गंभीर रूप से झुलस गए। हम चाहते हैं कि पुलिस दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।
बोधगया पुलिस ने अस्पताल में पीड़ितों का बयान दर्ज किया
घायल राणाफुलेश्वर के पिता रामसेवक शाह ने बताया कि उनके दोनों बेटे सरकारी शिक्षक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संपत्ति विवाद में बड़े बेटे मुकेश कुमार, उसकी पत्नी कुसुम देवी और साले पंकज कुमार ने इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बोधगया थाना में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है। घटना की सूचना मिलते ही बोधगया थाना की पुलिस मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची और घायलों का बयान दर्ज किया। बोधगया थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।



