पति-पत्नी और 3 माह की बेटी की जिंदा जले, 4 की हालत नाजुक; दिल दहलाने वाला हादसा कहां हुआ?

Sudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

गोविंद की पत्नी निशु घर की पहली मंजिल पर स्थित रसोई में भोजन बना रही थी। इसी दौरान सिलेंडर से गैस का रिसाव शुरू हुआ और आग लग गई। देखते ही देखते सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया।

पति-पत्नी और 3 माह की बेटी की जिंदा जले, 4 की हालत नाजुक; दिल दहलाने वाला हादसा कहां हुआ?

Bihar News: बिहार के दरभंगा में भीषण अगलगी में तीन लोगों को जिंदा जलकर मौत हो गई तो 8 झुलस गए जिनमें से 4 की हालत नाजुक है। घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सुंदरपुर तेनु पेड़ के पास रविवार देर शाम की है। रसोई गैस रिसाव के बाद हुए विस्फोट में गोविंद दास (25), उनकी पत्नी निशु कुमारी (22) और उनके तीन माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसे में 8 अन्य लोग झुलस गए, जिनकी चार की हालत नाजुक है। आग बुझाने पहुंचे पड़ोसी और फायर ब्रिगेड अधिकारी भी जख्मी हो गए हैं। घायलों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस राहत व बचाव कार्य में जुटी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बेचन दास के पुत्र गोविंद की पत्नी निशु घर की पहली मंजिल पर स्थित रसोई में भोजन बना रही थी। इसी दौरान सिलेंडर से गैस का रिसाव शुरू हुआ और आग लग गई। देखते ही देखते सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। बताया जा रहा है कि घर में कुछ अन्य ज्वलनशील पदार्थ रखे होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे अंदर मौजूद लोगों को भागने का मौका नहीं मिला।

बचाने की कोशिश में पड़ोसी और अधिकारी भी जख्मी

आग की लपटों के बीच तीन माह के मासूम को बचाने की कोशिश में कई लोग झुलस गए। मृतकों के अलावा बेचन दास, उनके दूसरे पुत्र गौतम दास और बचाव कार्य में जुटे फायर ऑफिसर चंद्रभूषण पासवान भी जख्मी हुए हैं। वहीं, पड़ोस में रहने वाले पुजारी ठाकुर के पुत्र आदित्य कुमार आग बुझाने के प्रयास में झुलस गए हैं। उन्हें कादिराबाद के निजी नर्सिंग होम से अललपट्टी स्थित निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। वहां स्थिति नाजुक है। देखें P 05

पांच दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर पाया काबू

थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर में रिसाव से घटना हुई है। इसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि चार अन्य घायल हैं। हादसे के बाद मोहल्ले में देर रात तक अफरातफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक जान-माल का भारी नुकसान हो चुका था।

अस्पताल में चीत्कार, गमगीन हुआ माहौल

आग बुझने पर स्थानीय लोगों ने घर के अंदर प्रवेश किया। घर में कई लोग बुरी तरह झुलसकर पड़े हुए थे। स्थानीय लोग झुलसे हुए लोगों को लेकर कादिराबाद स्थित निजी नर्सिंग होम पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने गोविंद, निशु और उनके बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों के चीत्कार से अस्पताल और सड़क पर मौजूद सैकड़ों लोगों की आंखें नम हो गईं। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। कुछ देर तक अस्पताल में अफरातफरी का माहौल हो गया। गंभीर रूप से झुलसे आदित्य को भी वहां से बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। पार्षद प्रतिनिधि भगवान लाल ठाकुर और भोलू यादव ने मौके पर पहुंचकर दुख व्यक्त किया। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने दल-बल के साथ घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर मामले की छानबीन की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।