पत्नी को 4 गोली मार भाग रहा था पति, ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला; बिहार में खौफनाक वारदात

हिन्दुस्तान, शेखपुरा
Follow us on Google News
share

Bihar Crime News: बिहार के शेखपुरा के कैथवां रेलवे फाटक के पास गुरुवार सुबह एक पति ने अपनी पत्नी को चार गोलियां मार दीं। भागते समय पिस्तौल खाली होने पर ग्रामीणों ने पति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल पत्नी पावापुरी रेफर है।

पत्नी को 4 गोली मार भाग रहा था पति, ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला; बिहार में खौफनाक वारदात

Bihar Crime News: बिहार के शेखपुरा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। यहां गुरुवार की सुबह पारिवारिक कलह ने इतना भयानक रूप ले लिया कि एक पति ने अपनी ही पत्नी को सरेआम गोलियों से भून दिया। हालांकि, वारदात को अंजाम देकर भाग रहे इस सिरफिरे पति को भी अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्यारे पति को पकड़कर मौके पर ही पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इस खूनी खेल के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

टेंपो पर किया जानलेवा हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी खौफनाक वारदात शेखपुरा के कैथवां रेलवे फाटक के समीप घटी। बताया जा रहा है कि नवादा जिले के सुल्तानपुर गांव का रहने वाला आरोपी पति पहले से ही रेलवे फाटक के पास घात लगाकर बैठा था। गुरुवार सुबह जैसे ही उसकी 30 वर्षीय पत्नी प्रतिमा देवी एक टेंपो पर सवार होकर वहां से गुजरी, पति ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने अपनी पत्नी की गर्दन और जबड़े को निशाना बनाते हुए करीब चार गोलियां दागीं, जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ी।

भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला

सरेआम हुई इस फायरिंग से मौके पर भारी अफरातफरी मच गई। पत्नी को मरा हुआ समझकर जब आरोपी पति वहां से हथियार लहराते हुए भागने लगा, तो स्थानीय ग्रामीणों ने उसे पकड़ने की कोशिश की। खुद को घिरता देख आरोपी ने बचाव में ग्रामीणों पर भी दो राउंड फायरिंग कर दी। लेकिन इसी बीच उसकी पिस्तौल की गोलियां खत्म हो गईं। हथियार खाली होते ही ग्रामीणों ने हिम्मत जुटाई और खदेड़ कर आरोपी को दबोच लिया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने उसकी इतनी बेरहमी से पिटाई की कि मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

गंभीर हालत में पत्नी पावापुरी रेफर

उधर, गोलियों का शिकार हुई पत्नी की सांसें अभी चल रही थीं। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल पत्नी को आनन-फानन में इलाज के लिए शेखपुरा सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। प्रारंभिक जांच में इस वारदात की मुख्य वजह 'घरेलू कलह' बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है।

Jayendra Pandey

लेखक के बारे में

Jayendra Pandey
अदम गोंडवी के शहर गोण्डा से ताल्लुक रखने वाले जयेंद्र पाण्डेय मेनस्ट्रीम मीडिया में अपनी अलग पहचान बना रहे एक ऊर्जावान युवा पत्रकार हैं। वर्तमान में ’हिन्दुस्तान’ (Hindustan Times Group) के साथ जुड़कर जनसरोकार की खबरों को कवर कर रहे जयेंद्र ने नोएडा के प्रतिष्ठित संस्थान जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं और अपने करियर का आगाज ‘जी न्यूज’ की नेशनल टीम में इंटर्नशिप से किया। इसके बाद उन्होंने ’दैनिक भास्कर’ में बतौर ट्रेनी फीचर और स्पेशल स्टोरीज पर काम करते हुए कंटेंट की बारीकियों को समझा। अपनी पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग में अपना लोहा मनवाया, जिसमें नोएडा ट्विन टावर डिमोलिशन से लेकर बृजभूषण शरण सिंह बनाम पहलवानों के धरने तक कई हाई-प्रोफाइल इवेंट्स की ग्राउंड रिपोर्टिंग और अन्य कई स्पेशल स्टोरीज शामिल हैं। वर्तमान में वे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 'हिन्दुस्तान' की बिहार टीम के लिए राजनीति, क्राइम और जनसरोकार से जुड़ी बड़ी खबरों को बेहद आक्रामकता और गहराई के साथ कवर कर रहे हैं। मीडिया के साथ-साथ जयेंद्र का रुझान पॉलिटिकल कंसल्टेंसी की ओर भी है। वे चुनावी समीकरणों और रणनीतिक प्रबंधन की अच्छी समझ रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।