बिहार में गजब की लव स्टोरी! 2 बच्चों की मां जूली संग फरार हुआ राजू, पहले से हैं 2 बीवी और 4 बच्चे

लाइव हिन्दुस्तान, जहानाबाद
Follow us on Google News
share

जहानाबाद एसपी से मिलने पहुंची दो महिलाओं ने बताया कि राजू लाल उन दोनों का पति है और दोनों से चार बच्चे भी हैं। राजू तीसरी महिला जूली के साथ फरार हो गया है। जूली के पहले से दो बच्चे हैं।

दो बीवी और चार बच्चों वाला राजू लाल तीसरी महिला जूली के साथ फरार
दो बीवी और चार बच्चों वाला राजू लाल तीसरी महिला जूली के साथ फरार

बिहार के जहानाबाद से एक गजब की लव स्टोरी सामने आई है। शहर के मलहचक मोहल्ला स्थित किराए के मकान में रहने वाले एक व्यक्ति अपनी दो पत्नियों और चार बच्चों को छोड़कर एक तीसरी महिला के साथ फरार हो गया। नई प्रेमिका के भी दो बच्चे हैं। उसकी दोनों बीवियां अपने बच्चों के साथ गुहार लगाने के लिए गुरुवार को नगर थाने में पहुंची तो सभी हैरान रह गए।

थाने पर अपनी सौतन के साथ पहुंची रिंकु देवी ने बताया कि 15 साल पहले उसकी शादी शकूराबाद इलाके के निवासी राजू लाल नामक व्यक्त से हुई थी। वह होटल में काम करता था। शादी के बाद सबकुछ ठीक चल रहा था और उनके दो बच्चे हुए। लेकिन, कुछ सालों के अंदर ही राजू लाल का दिल होटल में काम करने वाली एक दूसरी महिला खुशबू पर आ गया। इसकी भनक जब रिंकु देवी को लगी तो घर में बवाल हो गया। लेकिन, पति की जिद के आगे वह हार गई और उसकी सहमति से राजू लाल ने दूसरी महिला के साथ शादी रचा ली। दूसरी पत्नी से भी राजू के दो बच्चे हुए। पति की खुशी के लिए दोनों महिलाएं अपने चारों बच्चों के साथ मलहचक मोहल्ला में किराए के मकान में रहती थीं। राजू लाल दोनों के साथ चार-चार दिन बिताता था।

लेकिन, दिलफेंक राजू लाल की लव स्टोरी यहीं नहीं रुकी। होटल में काम करने वाली तीसरी महिला जूली से उसकी नजदिकियां बढ़ने लगीं। दोनों के बीच मोबाइल पर होने वाली बातचीत की भनक परिवार को लग गई। रिंकु और खुशबू ने जब राजू से पूछा तो वह जवाब नहीं दे पाया। परिवार में एक बार फिर शांति भंग हो गई। बुधवार को वह अचानक गायब हो गया। शाम तक घर नहीं लौटा तो दोनों पत्नियों ने पता लगाना शुरू किया। उन्हें जानकारी मिली कि होटल से जूली नाम की एक महिला भी गायब है। उसके घर से पता चला कि उसके भी दो बच्चे हैं जिन्हें छोड़कर वह भाग गई है। दोनों परिवारों ने खोजबीन की तो पता चला कि राजू और जूली एक साथ फरार हो गए हैं।

राजू की दोनों पत्नियों ने जहानाबाद पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। रिंकु देवी ने कहा है कि राजू की पहली प्रेमिका के साथ एडजस्ट कर लिया पर अब ऐसा करना ठीक नहीं होगा। पहले से ही उनके चार बच्चे हैं जिनमें दो बेटियां हैं। घर में दो-दो महिलाएं भी हैं। सब राजू लाल की इस हड़कत से परेशान हैं। रिंकु देवी ने जहानाबाद एसपी से पति को खोजकर लाने और जूली से दूर करने की अपील की है।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsगजब की लव स्टोरी! 2 बच्चों की मां जूली संग राजू फरार, पहले से 2 बीवी और 4 बच्चे