Video: छपरा में 'हम दिल दे चुके सनम', पति ने कराई पत्नी की शादी; मां ने चप्पल मारकर विदा किया
चार बच्चों की मां ज्योति का अपने पति के दोस्त सुजीत से संबंध बन गया। 14 सालों तक छिपकर मिलते प्रेमी-प्रेमिका ने जब परिवार से बगावत कर दिया तो पति ने ही उनकी शादी करवा दी। लेकिन, ज्योति की मां इस रिश्ते से बेहद खफ़ा हैं।
बिहार के सारण में एक शादी चर्चा का विषय बन गई है। लोगों को हम दिल दे चुके सनम फिल्म की याद आ गई। पति ने अपनी पत्नी का हाथ अपने एक दोस्त के हाथ में सौंप दिया और बच्चे देखते रहे। जिले के मढ़ौरा के बहुआरा पट्टी गांव में प्रेम, सामाजिक सहमति और पारिवारिक समझौते का यह अनोखा मामला सामने आया है। लेकिन, इस प्रकरण का क्लाइमेक्स बेहद खास रहा जब मां ने बेटी को उसके प्रेमी(दूसरे पति) के साथ चप्पल से पीटते हुए विदा किया।
32 वर्षीय चार बच्चों की मां ज्योति की शादी उसके पति अनूप ने ही अपने दोस्त और महिला के प्रेमी सुजीत दास से शुक्रवार को गांव वालों, परिजनों और पंचायत की मौजूदगी में मंदिर में करा दी। 14 वर्ष पुराने प्रेम संबंध को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिरकार पंचायत की पहल पर शादी के रूप में समाप्त हुआ। इस दौरान महिला के चारों बच्चे भी अपनी मां की दूसरी शादी के गवाह बने।
जानकारी के अनुसार महिला अपने पति के साथ आसनसोल में रहती थी। वहीं पति के एक करीबी दोस्त से उसकी नजदीकियां बढ़ीं और धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया। बताया जाता है कि दोनों के बीच करीब 14 वर्षों से संबंध था। कुछ समय पहले प्रेमी गांव पहुंचकर महिला के साथ रहने लगा, जिसके बाद मामला परिवार और गांव में चर्चा का विषय बन गया। विवाद बढ़ने पर मामला थाने और पंचायत तक पहुंचा।
पंचायत में दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद आपसी सहमति से समाधान निकाला गया। महिला के पति ने रिश्ते को स्वीकार करते हुए ग्राम कचहरी के पास स्थित मंदिर में दोनों की शादी करा दी। शादी की सभी रस्में ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी में पूरी कराई गईं। शादी के दौरान सबसे भावुक दृश्य तब देखने को मिला, जब महिला के चारों बच्चे अपनी मां की नई शादी को चुपचाप देखते रहे।
इस मामले में ग्रामीणों का कहना है कि गांव वाले पिछले तीन दिनों से ज्योति को बहुत समझाए किन्तु वह अपने पति अनूप के साथ रहने को राजी नहीं थी।ज्योति शुक्रवार को अपने चार में से दो बच्चों को लेकर नए पति सुजीत दास के साथ आसनसोल जाना चाह रही थी किन्तु घरवाले इसके लिए तैयार नहीं हुए तो वह बिना बच्चों को साथ लिए ही आसनसोल रवाना हो गई। ज्योति की शादी 2011 में बहुआरा निवासी अनूप के साथ हुई थी।
इस शादी समारोह का समापन बेहद रोचक रहा। मौके पर ज्योति की मां भी मौजूद थी। वह अपनी बेटी की करतूत से बेहद नाराज थी। पति के सहयोग से जब ज्योति की शादी हो गई तो मां ने बेहद खास अंदाज में उसे विदा किया। उन्होंने अपना चप्पल हाथ में लिया और दोनों को पीटते हुए मंदिर परिसर से बाहर कर दिया। मौके पर मोजूद लोगों ने कहा- क्या विदाई दी जा रही है!
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

