
बिहार में कैसे मिलेगी 2.5 करोड़ सरकारी नौकरी? कांग्रेस बोली- अडानी को 1 रुपये में मिली जमीन
बिहार में ढाई करोड़ सरकारी नौकरियों को लेकर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि पहले अडानी को 1 रुपये में हजारों एकड़ जमीन देने का हिसाब हो जाए फिर पता चल जाएगा कि नौकरियों के लिए फंड कहां से आएगा।
बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार पार्टियां विकास और रोजगार को मुद्दा बना रही हैं। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बिहार के लोगों को हर परिवार में एक सरकारी नौकरी देने का वादा किया है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा से ने कहा कि बेरोजगारी, पेपरलीक और महिला सुरक्षा तीन अहम मुद्दे हैं। उनसे जब तेजस्वी यादव के उस बयान पर सवाल किया गया जिसमें उन्होंने कहा था कि हर परिवार को एक सरकारी नौकरी मिलेगी। आंकड़ों को गिनाते हुए जब उनसे पूछा गया कि ढाई करोड़ नौकरियों के लिए बजट कहां से आएगा तो पवन खेड़ा ने कहा, आप 1 रुपये में अडानी को जमीन देना बंद कर दीजिए फिर पैसे की बात करिए।

पवन खेड़ा ने कहा, हमें पता है कि पैसा कहां से जनरेट करना है और कहां खर्च करना है। बीजेपी का दफ्तर बनाने के लिए अगर आपको जमीन चाहिए तो आप अडानी से ले लीजिए लेकिन कम से कम अडानी को तो मत दीजिए। क्या राज्य के संसाधन सब्सिडी करके 1 रुपये में हमारी किसी सरकार को दिए? उन्होंने कहा, ना तो मुझे अडानी से नफरत है और ना ही अंबानी से। मुझे इस देश से मोहब्बत है।
पवन खेड़ा ने कहा, उद्योगपतियो को काम मिलना चाहिए। लेकिन 1 रुपये में किसी ने एक हजार एकड़ जमीन दी हो तो बताइए। हर उद्योगपति का हक है कि वह कहीं भी जाकर काम करे और सरकारों को काम है कि उसे काम करने दे। लेकिन एक रुपये में हजारों एकड़ जमीन दे दो और फिर कहोगे कि तेजस्वी पैसे कहां से लाएगा?
पवन खेड़ा ने बीजेपी पर आरोप लगाया, चुनाव के ऐलान के लिए बैंक खुलने का इंतजार किया गया। जिन खातों में पैसा जाना था गया फिर जाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। आप समझ लीजिए, किस तरह की सरकार चल रही है? लोगों को मालूम है कि जो मिल रहा है उनका हक है और पहले ही मिल जाना चाहिए था। बिहार के लोग समझते हैं कि महाराष्ट्र में योजनाओं का क्या हाल है। ये सब केवल चुनाव की योजनाएं हैं।





