बच्चे नपुंसक कहकर चिढ़ाते, गार्ड बन गया हैवान; यूकेजी छात्र के रेप मर्डर में चौंकाने वाला खुलासा

Jayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, जहानाबाद
share

जहानाबाद शहर से सटे कनौदी बायपास स्थित एक स्कूल हॉस्टल में हुई 5 साल के यूकेजी छात्र की रेप के बाद हत्या कैंटीन गार्ड ने की थी। बच्चे उसे नपुंसक कहकर चिढ़ाते थे, इससे वह कुंठित हो गया था। 

बिहार के जहानाबाद में 5 साल के मासूम बच्चे के साथ स्कूल हॉस्टल में दरिंदगी और नृशंस हत्याकांड का खुलासा हो गया है। यूकेजी छात्र का रेप (अप्राकृतिक यौनाचार) करके धारदार हथियार से काटकर उसकी हत्या करने वाला और कोई नहीं, बल्कि हॉस्टल कैंटीन का गार्ड ही था। पुलिस ने बताया कि जब यह घटना हुई तब आरोपी शराब के नशे में था। हॉस्टल के बच्चे उसे नपुंसक कहकर चिढ़ाते थे, जिससे वह कुंठित हो गया था।

जहानाबाद के एसपी अपराजित लोहान ने शुक्रवार दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गुरुकुल हॉस्टल के कैंटीन गार्ड मुकेश कुमार उर्फ सुदामा को संदिग्ध मानते हुए हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। शुरुआत में उसने हत्या की बात से इनकार कर दिया था। हालांकि, जब फॉरेंसिक टीम को उसके खिलाफ सबूत मिले, तो कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया है।

बीवी छोड़कर चली गई, बच्चे नपुंसक बोलकर चिढ़ाते थे

एसपी ने बताया कि आरोपी मुकेश कुमार उर्फ सुदामा को हॉस्टल के बच्चे नपुंसक कहकर चिढ़ाते थे। उसकी उम्र करीब 40 साल है। उसकी पत्नी भी काफी समय पहले उसे छोड़कर चली गई थी। इससे उसका व्यवहार असामान्य हो गया था। सीसीटीवी फुटेज में भी उसका अलग व्यवहार पुलिस को दिखाई दिया। वह कई बार सीढ़ियों से ऊपर-नीचे जाते नजर आया था।

शराब के नशे में किया कांड

आरोपी गार्ड ने अपने बयान में कहा है कि घटना वाली रात को वह शराब के नशे में था। शहर में एक जगह से वह शराब पीकर रात में हॉस्टल आया था। बच्चे देर रात तक हॉस्टल में टीवी देख रहे थे। गार्ड अपने अपने कमरे में सोने चला गया और दरवाजा खुला रखकर लेटा हुआ था। जब बच्चे टीवी बंद कर सोने के लिए जाने लगे तो आरोपी मुकेश उन पर नजर रख रहा था। तभी उसने मासूम बच्चे को हॉस्टल से कैंटीन की ओर जाने वाली सीढ़ी पर ले जाकर हैवानियत की।

आरोपी पाली थाना क्षेत्र के बेंभई गांव का रहने वाला है। किचन सिंक पर खून के निशान मिले। उसके बाथरूम की खिड़की के बाहर की तरफ एक ब्लेड लगा धारदार हथियार भी मिला। उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर स्पष्ट होगा कि उसी हथियार से छात्र की हत्या की गई है या नहीं।

कुंठा में बच्चे के शरीर पर कई जगह काटा, प्राइवेट पार्ट पर भी निशान थे

आरोपी गार्ड मुकेश कुमार के मन में बच्चों के खिलाफ काफी कुंठा भरी थी। इसका अंदाजा मासूम बच्चे के साथ हुई हैवानियत से लगता है। आरोपी ने यूकेजी छात्र के साथ अप्राकृतिक यौनाचार किया और फिर धारदार हथियार से उसके शरीर के कई हिस्सों को काट दिया। मासूम के प्राइवेट पार्ट को भी नुकसान पहुंचाया गया था। इस निर्मम हत्याकांड के बाद परिजन और लोगों का भी आक्रोश भड़क उठा। 6 अप्रैल को उन्होंने हाईवे पर जाम भी लगाया। बाद में पुलिस ने समझाइश कर उन्हें शांत कराया था।

'ऐसा कांड करूंगा कि हॉस्टल बंद हो जाएगा'

आरोपी मुकेश कुमार के हॉस्टल संचालक तरुण कुमार के साथ भी संबंध अच्छे नहीं थे। पुलिस जांच में सामने आया कि वह अक्सर संचालक को धमकी देता रहता था। वह कहता था कि एक दिन ऐसा कांड करेगा कि यह हॉस्टल बंद हो जाएगा।

हॉस्टल संचालक भी जेल में

मृतक बच्चे के पिता ने 6 अप्रैल को करौंदा थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसमें गुरुकुल हॉस्टल के संचालक तरुण कुमार उर्फ गांधी समेत अन्य कर्मियों को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने सबसे पहले हॉस्टल संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वहीं, अन्य स्टाफ को पूछताछ के बाद छोड़ दिया था। फिर आरोपी गार्ड को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

एसपी अपराजित ने कहा कि मुख्य आरोपी गार्ड मुकेश कुमार है, लेकिन हॉस्टल संचालक ने भी पुलिस को गुमराह किया। तरुण कुमार ने शुरुआत में इस घटना को छिपाने के लिए इसे हादसा बताने की कोशिश की थी। साथ ही, तरुण के सोफे पर भी खून के निशान मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए एफएसएल टीम को भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।

स्पीडी ट्रायल से होगी सजा, छात्रावासों की जांच के आदेश

इस घटना की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। मानवीय और तकनीकी आधार पर जांच कर चार दिनों के भीतर कांड का खुलासा कर दिया गया। एसपी ने कहा कि इस केस का स्पीडी ट्रायल कराकर आरोपी को सजा दिलाई जाएगी। साथ ही, जहानाबाद डीएम के निर्देश पर एक धावा दल का गठन किया गया है। शहर के सभी छात्रावासों की जांच की जा रही है।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।