
बिहार के मुजफ्फरपुर में भयानक हादसा; पिता, पुत्र और नाती एक साथ मौत की नींद सो गए
नंगे पांव रहने के कारण तार के संपर्क में आते ही उन्हें करंट लग गया। बचाने गए मृतक चंदेश्वर के पुत्र मिट्ठु कुमार भी चपेट में आ गए। इसके बाद नाना व मामा को बचाने विक्की कुमार दौड़ा। इस दौरान विक्की को भी करंट लग गया।
बिहार के मुजफ्फरपुर में एक परिवार को तीन लोगों की करंट लगने से मौत हो गयी। फकुली थाने के मनकौली गांव में टूटकर गिरे सर्विस तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में तीनों आ गए। मृतकों में पैक्स अध्यक्ष सोनू राय के पिता चंदेश्वर राय (60), भाई मिट्ठु कुमार (25) और भांजा विक्की कुमार (22) शामिल हैं। घटना से इलाके में कोहराम मच गया।
आनन-फानन में परिजन और ग्रामीणों ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से चीख-पुकार मची हुई है। घटना से आक्रोशित लोगों ने तीनों शवों को सड़क पर रखकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि मृतक चंदेश्वर राय के घर में सर्विस तार गया हुआ था। गुरुवार को शॉट-सर्किट से तार टूट कर गिर गया, जिसे चंदेश्वर राय ठीक करने गए थे। इसी दौरान तीनों करंट की चपेट में आ गए।
नंगे पांव रहने के कारण तार के संपर्क में आते ही उन्हें करंट लग गया। बचाने गए मृतक चंदेश्वर के पुत्र मिट्ठु कुमार भी चपेट में आ गए। इसके बाद नाना व मामा को बचाने विक्की कुमार दौड़ा। इस दौरान विक्की को भी करंट लग गया। करंट लगने की सूचना पर गांव के लोग दौड़े और तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
क्या कहते हैं अधिकारी?
करंट लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हुई है। घर में गया हुआ सर्विस तार शॉट-सर्किट के कारण टूट कर गिरा था। उसे ठीक करने के दौरान पैक्स अध्यक्ष के पिता, भाई और ममेरे भाई की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। - अनिमेष चंद ज्ञानी, एसडीपीओ पश्चिमी-2





