खगड़िया में भयंकर हादसा; ट्रक, बोलेरो और बाइक की टक्कर में महिला टीचर समेत तीन की मौत
हादसे के बाद घटनास्थल पर मृतकों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। घटना में घायल बाइक सवार सोनू कुमार का इलाज खगड़िया सदर अस्पताल में चल रहा है।

बिहार के खगड़िया में सड़क पर मौत का तांडव देखने को मिला। जिले के पसराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर बंधु पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार की दोपहर ट्रक, बोलेरो और बाइक के बीच हुई त्रिकोणीय भिड़ंत में एक शिक्षिका सहित तीन लोगों की मौत हो गई। वही एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के खीराडीह गांव निवासी बोलेरो सवार शिवराज यादव की 46 वर्षीया पत्नी कुमारी रूबी , पसराहा थाना क्षेत्र के झंझरा गांव निवासी मंटू साह का पुत्र विकास कुमार व भागलपुर जिले के बाइक सवार नवगछिया के साहू परबत्ता निवासी नीतीश कुमार शामिल हैं।
हादसे के बाद घटनास्थल पर मृतकों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। घटना में घायल बाइक सवार सोनू कुमार का इलाज खगड़िया सदर अस्पताल में चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एनएच-31 पर तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। इस दौरान पीछे से आ रही बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। हादसे में बाइक चालक नीतीश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठे सोनू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बोलेरो में सवार शिक्षिका कुमारी रूबी और चालक विकास कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस की मदद से सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल गोगरी पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान शिक्षिका कुमारी रूबी ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल चालक विकास कुमार को सदर अस्पताल खगड़िया रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पसराहा थानाध्यक्ष नवीन कुमार एवं अपर थानाध्यक्ष रिशु कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर एनएच 31 पर यातायात सामान्य कराया।
बताया जा रहा है कि शिक्षिका कुमारी रूबी भागलपुर जिलान्तर्गत मध्य विद्यालय, मंडल टोला चकरामी, नारायणपुर में कार्यरत थीं। उनके पति भारतीय थल सेना में कार्यरत हैं। शिक्षिका अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गई हैं। उनका मायका जिले के परबत्ता प्रखंड अंतर्गत सलारपुर गांव में बताया जा रहा है। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। इधर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेज दिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
(खगड़िया से जितेन्द्र कुमार की रिपोर्ट)
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

