Bihar MLC Election: मतदान के दिन अवकाश का ऐलान, निर्वाचन क्षेत्र के राज्यकर्मियों को मिलेगी छुट्टी
बिहार एमएलसी चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को वोटिंग होनी है। इस दिन राज्यकर्मियों के लिए अवकाश का ऐलान किया गया है। इसके तहत निर्वाचन क्षेत्र के योग्य मतदाता जो राज्यकर्मी सिर्फ उन्हें ही अवकाश मिलेगा।
बिहार सरकार ने विधान परिषद चुनाव (स्नातक और शिक्षक) को लेकर विशेष आकस्मिक अवकाश की घोषणा की है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 23 अक्टूबर को मतदान होना है। इसके मद्देनजर पटना स्नातक, तिरहुत स्नातक, दरभंगा स्नातक व कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, तिरहुत शिक्षक, दरभंगा शिक्षक व सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के योग्य मतदाता जो राज्यकर्मी हैं, उनको इस अवकाश का लाभ मिलेगा। यह केवल संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचकों यानी मतदाताओं पर ही लागू होगा। बाकी कर्मियों को कार्यालय आना होगा।
12 के नामांकन पत्र अस्वीकृत, 152 मैदान में
बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए 12 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र अस्वीकृत कर दिए गए। इनमें स्नातक सीटों के आठ एवं शिक्षक के चार नामांकन पत्र अस्वीकृत हुए। आठ सीटों के लिए 152 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। चार स्नातक सीटों के लिए 90 और चार शिक्षक सीटों के लिए 62 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इन सभी सीटों के लिए कुल 164 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे।
बुधवार को सभी नामांकन पत्रों की जांच की गई। पटना स्नातक क्षेत्र के चार, तिरहुत के तीन एवं कोशी सीट के लिए दाखिल किए गए एक नामांकन पत्र अस्वीकृत किया गया। शिक्षक क्षेत्र पटना के तीन और दरभंगा सीट के लिए दाखिल किए गए एक नामांकन पत्र को अस्वीकृत किया गया है। इन क्षेत्रों में 23 अक्टूबर को मतदान होगा। 27 अक्तूबर को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम जारी कर दिए जाएंगे।


