मेरी सुपारी दी थी इसलिए गोविंद को मार दिया, हिस्ट्रीशीटर बाबुल चौधरी ने जारी किया ऑडियो
उसका आरोप है कि गोविंद ने उसकी हत्या के लिए शूटर को सुपारी दी थी। इसलिए उसने गोविंद को मार दिया। हालांकि, पुलिस बाबुल चौधरी के दावे पर अधिक ध्यान नहीं दे रही है। पुलिस का मानना है कि केस की दिशा को भटकाने के लिए भी बाबुल चौधरी इस तरह की बातें बोल सकता है।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में चर्चित गोविंद शर्मा हत्याकांड की जिम्मेदारी हिस्ट्रीशीटर बाबुल चौधरी ने ली है। इसी जिले के तुर्की थाने के छाजन गांव के हिस्ट्रीशीटर बाबुल चौधरी ने गोविंद हत्याकांड की जिम्मेवारी ली है। इस कबूलनामे का उसका ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल हो रहा है। जिसमें बाबुल चौधरी का कहना है कि वह गोविंद के साथ रहा करता था। उसके लिए बेला वाली प्लॉट की डीलिंग में रंगदारी के केस में आरोपित बना, लेकिन गोविंद ने उसकी हत्या की साजिश रच दी थी।
उसका आरोप है कि गोविंद ने उसकी हत्या के लिए शूटर को सुपारी दी थी। इसलिए उसने गोविंद को मार दिया। हालांकि, पुलिस बाबुल चौधरी के दावे पर अधिक ध्यान नहीं दे रही है। पुलिस का मानना है कि केस की दिशा को भटकाने के लिए भी बाबुल चौधरी इस तरह की बातें बोल सकता है।
इधर छोटी कल्याणी चौक के पास अमर सिनेमा रोड स्थित आईकॉन टावर में रविवार की रात हुए कुख्यात शूटर गोविंद शर्मा हत्याकांड में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। गोविंद को मारने वाला संदिग्ध शूटर उसी अपार्टमेंट में फ्लैट नंबर 406 में 18 दिन से किराए पर रह रहा था। पारू के मठिया गांव निवासी सौरभ नाम के संदिग्ध शूटर ने किराए पर फ्लैट ले रखा था। पुलिस जांच में उसकी आईडी (आधार कार्ड) फर्जी पाई गई है।
पूर्व मेयर समीर और आशुतोष शाही हत्याकांड के आरोपित गोविंद शर्मा का फ्लैट नंबर 205 उसके साले के नाम पर है। इसका एग्रीमेंट पेपर भी पुलिस को मिला है। शूटर के फ्लैट से गोविंद का फ्लैट दो मंजिल नीचे था। शूटर के फ्लैट की खिड़की से मेन गेट से प्रवेश करने वालों को आसानी से देखा जा सकता था। पुलिस अचंभित है कि तीन राज्यों में कुख्यात सुपारी शूटर गोविंद को 18 दिनों से उसी अपार्टमेंट में दो मंजिल ऊपर रह रहे दो शार्प शूटरों की भनक कैसे नहीं लगी। पुलिस को आशंका है कि शूटर किसी दूसरे राज्य और बड़े गिरोह से जुड़े हो सकते हैं, इसीलिए गोविंद उन्हें पहचान नहीं पाया।
नगर थाने की पुलिस ने सोमवार को गोविंद की हत्या में शामिल संदिग्ध शूटरों के फ्लैट संख्या 406 के कमरों की तलाशी ली। उस कमरे से अंग्रेजी के अखबार मिले। चिकेन चावल और रोटी के जूठन भी कमरे से मिले हैं। शराब के दो टेट्रा पैक और बड़ी संख्या में सिगरेट के टुकड़े भी कमरे और सीढ़ी पर पड़े मिले। पुलिस ने डॉग स्क्वायड से पूरे अपार्टमेंट की तलाशी ली। कहीं कोई दूसरा हथियार या गोली-खोखा नहीं मिला। गोविंद के कमरे से पुलिस को कुछ खास हासिल नहीं हुआ।


