सिर मुंडाया, मुंह काला कर घुमाया; सीवान में छात्रा से रेप की कोशिश में शिक्षक गिरफ्तार
सीवान जिले के बसंतपुर प्रखंड में प्राइवेट कोचिंग चलाने वाले एक सरकारी शिक्षक को लोगों ने मुंह काला कर बाजार में घुमा दिया। शिक्षक पर एक नाबालिग छात्रा से रेप की कोशिश करने का आरोप है।

बिहार के सीवान जिले में एक सरकारी शिक्षक ने नाबालिग छात्रा के साथ रेप की कोशिश की। मामला बसंतपुर थाना क्षेत्र का है। घटना से आक्रोशित लोगों ने शिक्षक को पकड़कर उसका सिर मुंड दिया। फिर उसका मुंह काला किया और जूतों की माला पहनाकर उसे बाजार में घुमाया गया। छात्रा के पिता ने पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष राजकुमार गौतम ने कहा कि आरोपी शिक्षक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी उत्क्रमित मध्य विद्यालय में बतौर शिक्षक कार्यरत है। इसके अलावा वह प्राइवेट कोचिंग भी चलाता है। बताया जा रहा है कि पीड़ित छात्रा लंबे समय से आरोपी के यहां कोचिंग पढ़ने जाती थी।
7 फरवरी, शनिवार को सुबह 5 बजे कोचिंग पहंची। वहां से घर लौटने के बाद उसने परिजन को आपबीती बताई। पीड़िता ने कहा कि बीते 3 दिनों से टीचर उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास कर रहा है। साथ ही, किसी को घर पर बताने पर वह वीडियो वायरल करने की धमकी भी दे रहा था।
इसके बाद नाबालिग छात्रा के पिता ने पुलिस थाने में शिकायत दी। जैसे ही क्षेत्र में खबर फैली, लोग आक्रोशित हो गए। भीड़ ने आरोपी शिक्षक के कपड़े फाड़ उसके मुंह पर कालिख पोत दी। फिर सिर के बाल उतार कर उसे जूतों की माला पहना बाजार में घुमाया गया। बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया गया।
आरोपित शिक्षक के स्कूल के हेडमास्टर ने बताया कि यह घटना स्कूल में नहीं हुई। बल्कि आरोपी शिक्षक अपने मकान में निजी कोचिंग चलाता है। हालांकि, इसकी सूचना शिक्षा विभाग को दे दी गई है।
बसंतपुर के बीडीओ मनीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। परिजन से आवेदन मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने भी घटना की जानकारी होने पर दोषी शिक्षक पर कार्रवाई करने की बात कही है।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


