बिहार में रफ्तार का कहर, एनएच 27 पर खड़े ट्रक में घुसी अनियंत्रित कार; चार दोस्तों की दर्दनाक मौत

हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर, हिंदुस्तान संवाददाता
Follow us on Google News
share

Bihar News Today:  मुजफ्फरपुर के एनएच 27 पर रविवार को बाइक सवार को बचाने में एक कार खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई। सीएम ने 4-4 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है।

बिहार में रफ्तार का कहर, एनएच 27 पर खड़े ट्रक में घुसी अनियंत्रित कार; चार दोस्तों की दर्दनाक मौत

Bihar News Today: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। एनएच 27 पर रतनपुरा गांव के पास रविवार की शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में कार सवार चार दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के पूरी तरह से परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया और आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जमकर हंगामा किया।

बाइक सवार को बचाने में अनियंत्रित हुई कार

स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार की शाम करीब 4 बजे एक तेज रफ्तार कार शहर की तरफ से आ रही थी। इसी दौरान रतनपुरा गांव के समीप एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में कार अचानक अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित कार सीधे फोरलेन पर एक लाइन होटल के सामने खड़े ट्रक में जा घुसी। कार में आगे दो और पीछे दो, यानी कुल चार युवक सवार थे। चारों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक भी घायल हुआ है, जिसका स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मृतकों में दो मोतीपुर और दो कांटी के निवासी

सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चारों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच (SKMCH) भेज दिया है। मृतकों की पहचान भी कर ली गई है। इनमें मोतीपुर थाने के साढ़ा डंबर निवासी 30 वर्षीय कृष्णा कुमार राय और मोतीपुर के ही 24 वर्षीय सोनू कुमार शामिल हैं। वहीं, अन्य दो मृतक कांटी थाने के किशुन नगर निवासी 22 वर्षीय मंतोष कुमार और 20 वर्षीय गुंजन कुमार हैं। चारों मृतक आपस में गहरे दोस्त बताए जा रहे हैं।

अवैध पार्किंग पर फूटा लोगों का गुस्सा, दो घंटे रहा जाम

इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। फोरलेन पर ट्रकों की अवैध पार्किंग से नाराज लोगों ने एनएच 27 को करीब दो घंटे तक पूरी तरह से जाम रखा। हादसे के तुरंत बाद लाइन होटल का स्टाफ और ट्रक का चालक व खलासी मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर सड़क से जाम हटवाया।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक, 4-4 लाख के मुआवजे का निर्देश

मुजफ्फरपुर में हुए इस भीषण सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए पीड़ित परिवारों को ईश्वर से धैर्य धारण करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि सभी मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा तुरंत उपलब्ध कराया जाए।

Jayendra Pandey

लेखक के बारे में

Jayendra Pandey
अदम गोंडवी के शहर गोण्डा से ताल्लुक रखने वाले जयेंद्र पाण्डेय मेनस्ट्रीम मीडिया में अपनी अलग पहचान बना रहे एक ऊर्जावान युवा पत्रकार हैं। वर्तमान में ’हिन्दुस्तान’ (Hindustan Times Group) के साथ जुड़कर जनसरोकार की खबरों को कवर कर रहे जयेंद्र ने नोएडा के प्रतिष्ठित संस्थान जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं और अपने करियर का आगाज ‘जी न्यूज’ की नेशनल टीम में इंटर्नशिप से किया। इसके बाद उन्होंने ’दैनिक भास्कर’ में बतौर ट्रेनी फीचर और स्पेशल स्टोरीज पर काम करते हुए कंटेंट की बारीकियों को समझा। अपनी पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग में अपना लोहा मनवाया, जिसमें नोएडा ट्विन टावर डिमोलिशन से लेकर बृजभूषण शरण सिंह बनाम पहलवानों के धरने तक कई हाई-प्रोफाइल इवेंट्स की ग्राउंड रिपोर्टिंग और अन्य कई स्पेशल स्टोरीज शामिल हैं। वर्तमान में वे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 'हिन्दुस्तान' की बिहार टीम के लिए राजनीति, क्राइम और जनसरोकार से जुड़ी बड़ी खबरों को बेहद आक्रामकता और गहराई के साथ कवर कर रहे हैं। मीडिया के साथ-साथ जयेंद्र का रुझान पॉलिटिकल कंसल्टेंसी की ओर भी है। वे चुनावी समीकरणों और रणनीतिक प्रबंधन की अच्छी समझ रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।