आज तिलक, 27 को थी शादी; दोस्त के विवाह में युवक की मौत, बार बाला के ठुमके पर चल रही थी गोलियां
मृतक के भाई ने बताया कि दूसरी मंजिल की छत पर बार बालाओं का नाच चल रहा था। इसी दौरान अचानक गोली की आवाज आई। जब वह ऊपर जाकर देखा तो भाई फर्श पर खून से लथपथ पड़ा था।

Bihar Harsh Firing Killing: बिहार के नालंदा में तिलक से एक दिन पहले एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। युवक अपने दोस्त के तिलक समारोह में आया था जहां बार बाला के ठुमके पर तड़ातड़ गोलियां चल रही थीं। घटना बिंद थाना क्षेत्र के अमावा गांव की है। मृतक की शादी 27 अप्रैल को होने वाली थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों के हवाले कर दिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। युवक आपराधिक प्रवृत्ति का था।
मृतक की पहचान सरमेरा थाना क्षेत्र के गौसनगर गांव निवासी उपेंद्र प्रसाद के 21 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार के रूप में की गई है। ग्रामीणों के बीच यह चर्चा है कि बार बालाओं के नाच के दौरान घटना घटी। आज शाम युवक का भी तिलक समारोह होने वाला था और 27 अप्रैल को उसकी शादी बिंद थाना क्षेत्र के छत्तरबीघा गांव में होना तय था। पुलिस का कहना है कि मृत युवक लूटपाट और आर्म्स एक्ट मामले में पटना जिले के बाढ़ और बिहारशरीफ जेल जा चुका था।
मृतक के चचेरे भाई सूरज कुमार ने घटना के बारे में जानकारी दी। उसने बताया कि वह अपने भाई के साथ अमावा गांव दोस्त के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए आया था। दूसरी मंजिल की छत पर बार बालाओं का नाच चल रहा था इसी दौरान अचानक गोली की आवाज आई। जब वह ऊपर जाकर देखा तो उसका भाई फर्श पर खून से लथपथ पड़ा था। उसने भाई को बचाने के लिए मदद की गुहार लगाई मगर, सभी लोग मौके से फरार हो गए। इसके बाद उसने परिवार के अन्य सदस्य को बुलाया और इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चेचेरे भाई ने जानकारी दी कि सोमवार को छोटू कुमार का तिलक आने वाला था। इसकी पूरी तैयारी कर ली गयी थी। परिजनों के रोकने पर भी वह दोस्त के तिलक समारोह में आ गया। उसकी मौत की घटना से शादी का खुशनुमा माहौल मातम में बदल गया है। मृतक के परिजनों ने कांड की छानबीन और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में छानबीन करने पहुंचे सदर डीएसपी नुरुल हक ने बताया कि मामले की पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया गया है। मृतक का पहले से आपराधिक इतिहास था। पुलिस उन कांडों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
(बिहारशरीफ से आशुतोष की रिपोर्ट.)
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

