गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला पटना, पुलिस के हाफ एनकाउंटर में 2 अपराधी घायल

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि पहले से ही अपराधी विदेशिया पर कई केस दर्ज था। हाल-फिलहाल में भी वो वांटेड चल रहा था। हमें जानकारी मिली थी कि यह अपनी टीम के साथ एक बड़ी घटना को अंजाम देने जा रहा है।

गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला पटना, पुलिस के हाफ एनकाउंटर में 2 अपराधी घायल

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हाल ही कहा था कि उन्होंने पुलिस के हाथ खोल दिए हैं और राज्य में अब अपराधियों की खैर नहीं है। अब इसी कड़ी में राजधानी पटना में पुलिस ने देर रात 2 बजे 2 अपराधियों का हाफ एनकाउंटर किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बिहटा थाना क्षेत्र के आनंदपुर गांव में बदमाशों और पुलिस के बीच जमकर गोलीबारी हुई है। इस मुठभेड़ में पुलिस ने कुख्यात बदमाश विदेशिया और पप्पू को गोली मार कर जख्मी कर दिया है।

पुलिस ने इस हाफ एनकाउंटर में जख्मी हुए दोनों अपराधियों को इलाज के लिए बिहटा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। लेकिन पुलिस को इसकी सूचना मिल गई और फिर इसके बाद बधार में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है।

अपराधियों ने जब पुलिस को देखा तो उनपर गोली चला दी। पहले से ही तैयारी में आई पुलिस ने भी वहां मोर्चा संभाल लिया। इसी दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विदेशिया और पप्पू जख्मी हो गए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों बदमाशों को इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि एम्स में दोनों का इलाज चल रहा है। दोनों ही अपराधियों पर दर्जनों मुकदमें दर्ज हैं। मुठभेड़ के बाद हथियार समेत कुछ अन्य सामान मिलने की बात भी कही जा रही है।

SSP कार्तिकेय शर्मा ने क्या बताया

पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि पहले से ही अपराधी विदेशिया पर कई केस दर्ज था। हाल-फिलहाल में भी वो वांटेड चल रहा था। हमें जानकारी मिली थी कि यह अपनी टीम के साथ एक बड़ी घटना को अंजाम देने जा रहा है। इसी क्रम में एक टीम बनाई गई थी जो कई जगहों पर छापेमारी कर रही थी। अवधेश साव उर्फ विदेशिया को पकड़कर पूछताछ की गई। जिसके बाद पप्पू राय और दीपक कुमार पकड़ाए। ये पूर्व में अंजनी सिंह हत्याकांड में वांटेड चल रहे थे।

पता चला कि यह सभी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में हैं और इसके लिए उन्होंने बिहटा में हथियार छिपा रखा था। हथियार बरामद करने के लिए जब पुलिस यहां आई तो विदेशिया और पप्पू राय के द्वारा पुलिस पर फायरिंग कर दी गई। पुलिस ने इनको रोकने का प्रयास किया। इसके बाद अभिरक्षा में पुलिस ने भी गोली चलाई। जिसमें दोनों को गोली लग गई। जिसके बाद इलाज के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सम्राट चौधरी ने अपराधियों को चेताया था

बता दें कि हाल ही में पटना के मंदिरी नाला पर सड़क के उद्घाटन के मौके पर सीएम सम्राट चौधरी ने अपराधियों को सख्त लहजे में चेताया था। सीएम ने कहा था कि हमवे पुलिस के हाथ खोल दिए हैं। पुलिस को कोई चुनौती देता है तो उसे 48 घंटे में जवाब मिलेगी। सीएम ने कहा था कि हमें अपराध मुक्त बिहार बनाना और हम कुछ भी करेंगे। सीएम ने कहा था कि अपराधी किस जाति का है इस बात से को फर्क नहीं पड़ता है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।