पटना के मसौढ़ी में सुबह-सुबह हाफ एनकाउंटर, कैश वैन लूट के दूसरे आरोपी को पुलिस ने मारी गोली
Masaurhi Half Encounter: मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस लूटकांड में शामिल अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की टीम पर फायरिंग की गई। जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली अजय पासवान के पैर में लग गई। मुठभेड़ में अपराधी अजय पासवान जख्मी हो गया है।

Masaurhi Half Encounter: बिहार में अब एक बार फिर लगातार दूसरे दिन हाफ एनकाउंटर हुआ है। मंगलवार को खगड़िया जिले में एक अपराधी को गोली मारने के के बाद बुधवार को राजधानी पटना के मसौढ़ी में पुलिस ने एक अपराधी को लंगड़ा कर दिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने अजय पासवान नाम के एक नामी बदमाश का हाफ एनकाउंटर कर दिया है। अजय पासवान को पैर में गोली मारी गई है। पुलिस की गोली से जख्मी अजय पासवान को इलाज के लिए मसौढ़ी अनुमंडल अस्पातल में भर्ती कराया गया है।
हाफ एनकाउंटर मसौढ़ी थाना क्षेत्र के चरमा गांव में हुआ है। अजय पासवान के बारे में बताया जा रहा है कि वो कैश वैन से लूट में शामिल रहा है। अजय पासवान मूल रूप से मनेर का रहने वाला बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस लूटकांड में शामिल अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की टीम पर फायरिंग की गई। जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली अजय पासवान के पैर में लग गई। मुठभेड़ में अपराधी अजय पासवान जख्मी हो गया है।
पुलिस ने अजय पासवान के दूसरे साथी सरवन को गिरफ्तार भी किया है। कहा जा रहा है कि अजय पासवान और उसका साथी 10 दिन पहले कैश वैन से 27 लाख लूट के मामले में शामिल था। इस मामले में पुलिस एक अन्य आरोपी का पहले भी हाफ एनकाउंटर कर चुकी है।
गोपालपुर में कैश वैन लूटपाट की घटना हुई थी
बता दें कि इससे पहले 19 मई को पटना पुलिस ने एक अपराधी नीतीश कुमार को मुठभेड़ के दौरान घायल कर दिया था। नीतीश कुमार कुछ दिनों पहले गोपालपुर थाना क्षेत्र के मरचा रोड में कैश वैन से 27 लाख रुपये लूट के मामले में आरोपी था। उस वक्त पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया था कि कैश वैन लूटकांड में सिटी (एसपी) ईस्ट की अध्यक्षता में एक टीम बनाई गई थी। इस टीम ने जब अपनी सूचना के आधार पर छापेमारी की थी तब मोटरसाइकिल से जा रहे नीतीश ने पुलिस पर गोली चलाई थी। जिसके बाद मोर्चा संभालते हुए पुलिस ने उसे गोली मारकर जख्मी कर दिया था।
खगड़िया में बुद्दीन मियां का हाफ एनकाउंटर
खगड़िया जिले के टॉप 10 अपराधियों में शुमार बुद्दीन मियां का इससे पहले पुलिस ने मंगलवार को हाफ एनकाउंटर किया था। बुद्दीन मियां के सिर पर 50 हजार रुपये का इनाम था। 40 साल का बुद्दीन मियां दिघौन गांव के वार्ड संख्या 14 का निवासी था। कुख्यात अपराधी बुद्दीन मियां पर बेलदौर थाने में 14 मामले दर्ज हैं।


