मौसम पूर्वानुमान : 11 से 13 जून को बारिश की संभावना
ग्रामीण कृषि मौसम सेवा द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 10 से 14 जून तक हाजीपुर सहित वैशाली जिले में भारी वर्षा की संभावना है। अधिकतम तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। किसानों को मक्का और धान की बुआई के लिए सुझाव दिए गए हैं।

हाजीपुर, संवाद सूत्र ग्रामीण कृषि मौसम सेवा कृषि मौसम विभाग डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा (समस्तीपुर) की ओर से जारी मध्यम अवधि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 10 से 14 जून तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने तथा 11 से 13 जून के बीच कई इलाकों में मेघगर्जन, तेज हवा और वर्षा की संभावना जताई गई है।
मौसम पूर्वानुमान
पूर्वानुमान के मुताबिक हाजीपुर सहित पूरे वैशाली जिले में 11-12 जून के दौरान 65 से 70 मिमी तक मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि में अधिकतम तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जो सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक हो सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह में सापेक्ष आर्द्रता 70 से 75 प्रतिशत तथा दोपहर में 20 से 25 प्रतिशत तक रह सकती है। हवा मुख्य रूप से पूर्वी दिशा से 15 से 19 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है।
किसानों के लिए सुझाव
मौसम को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी जारी किए हैं। किसानों को सलाह दी गई है कि वर्तमान मौसम मक्का की बुआई के लिए अनुकूल है। खेत की तैयारी के साथ अंतिम जुताई में गोबर की सड़ी खाद और अनुशंसित उर्वरकों का प्रयोग कर समय पर बुआई करें। धान की नर्सरी के लिए किसानों को सुधरी किस्मों के बीजों की बुआई की सलाह दी गई है। 25 जून तक धान की नर्सरी तैयार की जा सकती है। वहीं मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने के लिए किसानों को ढैंचा की बुआई कर हरी खाद के रूप में उपयोग करने की सलाह दी गई है।


