
ननिहाल में मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
महनार थाना के महिंदवाड़ा निवासी पुनीत दास के पुत्र किशन कुमार था मृत युवक बुधवार की देर शाम आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई थी हिंसक झड़प
जंदाहा । संवाद सूत्र जंदाहा थाना के अरनिया गांव में बुधवार की देर शाम आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में गंभीर रूप से जख्मी युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान महनार थाना के महिंदवाड़ा निवासी पुनीत दास के पुत्र किशन कुमार उम्र करीब 19 वर्ष के रूप में की गई है। बताया गया है कि वह महिंदवाड़ा गांव में अपने नानी के घर रहता था। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार किशन कुमार एवं अरनिया निवासी मरून राम के पुत्र राहुल कुमार उम्र करीब 22 वर्ष के बीच किसी आपसी विवाद को लेकर बाता बाती हो गई।
उसी के दौरान दोनों के बीच मारपीट होने लगी। बताया गया है की मारपीट के दौरान राहुल कुमार द्वारा किए गए प्रहार से किशन कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। जिसे स्थानीय लोगों एवं उसके स्वजनों ने जंदाहा सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां प्राथमिक उपचार के पश्चात उसे बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया गया था। लेकिन उसी दौरान कुछ ही देर में जंदाहा सरकारी अस्पताल में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची जंदाहा थाने की पुलिस ने दूसरे पक्ष के राहुल कुमार को कब्जे में ले लिया। उसे भी जख्मी होने को लेकर जंदाहा सरकारी अस्पताल इलाज हेतु लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के पश्चात उसे भी सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही जंदाहा थानाध्यक्ष मनोज कुमार दलबल सहित घटना स्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए घटना के गहन जांच पड़ताल एवं कार्रवाई में जुटे हैं। बताया गया है कि घटना को अंजाम देने वाले राहुल कुमार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। जिसका पुलिस अभिरक्षा में इलाज कराया जा रहा है। वहीं इस घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है। बताया गया है कि घटना में राहुल कुमार के साथ अन्य चार-पांच लोग भी शामिल थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




