
चौसीमा कल्याणपुर फकीर टोला में हुआ बवाल दोनों पक्ष के कई लोग जख्मी
राजापाकर में आइसक्रीम विक्रेता और पुलिस के बीच विवाद के बाद हिंसा भड़क गई। जब आइसक्रीम विक्रेता ने पैसे मांगे, तो स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम पर हमला किया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए और उनके...
राजापाकर, संवाद सूत्र। आइसक्रीम खरीदने के बाद पैसा नहीं देने के विवाद के बाद मौके पर पहुंची राजापाकर 112 डायल पुलिस की टीम पर असामाजिक तत्वों ने हमलाकर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। विदित हो की शुक्रवार की रात लगभग 09 बजे आइसक्रीम का पैसा मांगने पर दो पक्षों में मारपीट हुई। घटना की सूचना आइसक्रीम विक्रेता द्वारा 112 डायल पुलिस टीम को दिए जाने पर मौके पर राजापाकर 112 डायल टीम पहुंची एवं आइसक्रीम विक्रेता फरीदपुर स्थित राजन कुल्फी भंडार द्वारा उत्पादित आइसक्रीम विक्रेता चकसिकंदर बाजार निवासी मंजय कुमार आइसक्रीम लेकर कौवा चौक चौसीमा कल्याणपुर फकीर टोला पहुंचा। जहां फकीर टोला के लोगों ने आक्रोशित होकर 112 डायल टीम पर हमलाकर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया और 112 डायल टीम पर तैनात सिपाही दीपक कुमार को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना की सूचना राजापाकर थाने को 112 डायल की टीम ने दी मौके पर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार एएसआई सजीवन पासवान मिथिलेश कुमार सुरक्षा बलों के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ भी फकीर टोला के लोगों ने मारपीट कर जख्मी कर दिया। जिसमें थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार को भी काफी चोट लगी है। वहीं एएसआई संजीवन पासवान के माथे पर डंडे से प्रहार किया गया जिन्हें राजापाकर स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के बाद सीटी स्कैन हेतु हाजीपुर सदर भेजा गया। दुसरे एएसआई मिथिलेश कुमार के हाथ पर तलवार से वार किया गया जिससे उनके हाथ कट गए व कई टैंक पड़े हैं। वहीं चौकीदार कपूरी ठाकुर के सिर पर डंडे से वार करने पर माथा फट गया जिसके माथे पर पांच टांके पड़े हैं। घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक वैशाली को मिलने के बाद मौके पर कई थाने की पुलिस पहुंची। जिसमें महुआ थाना भगवानपुर थाना पातेपुर थाना जन्दाहा थाना औद्योगिक थाना सुरक्षा बलों के साथ मौके पर पहुंची। इन दलों के साथ भी फकीर टोला के लोगों ने धक्का मुकी और मारपीट शुरू कर दी। जिसमें महुआ थानाध्यक्ष के सिर में भी चोट लगी है। वे आरती हॉस्पिटल महुआ में भर्ती हैं वहीं महुआ थाने के दो एसआई का पिस्टल और इंसास हथियार भी छिन गए। घटना में कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं। छीने गए हथियार को पुलिस की दविश पर खेत से तीन घंटे बाद बरामद किया गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक वैशाली 12 बजे रात को घटनास्थल बखरी बराई पंचायत के कौवा चौक पर पहुंचे एवं दो घंटे तक रुके। घटना के संबंध में चकसिकन्दर बाजार निवासी कुल्फी विक्रेता मंजय कुमार ने बताया कि कल मोहम्मद साहब का जन्मदिन था। वह लगभग 9 बजे रात को कौआ चौक फकीर टोला में आइसक्रीम बेचने गया था। इसी बीच कौवा चौक पर एक महिला ने बोला कि मेरे बच्चे को आइसक्रीम दे दो। मैंने बच्चा को आइसक्रीम दे दिया मैंने पैसा मांगा तो उसने पैसा देने से इंकार कर दिया और अगल-बगल के लगभग 10 महिला पुरुषों को बुलाकर मुझे बुरी तरह पिटाई कर दी। उसके बाद मैंने 112 डायल टीम को घटना की सूचना दिया। घटना की सूचना पाकर 112 डायल टीम मुझे लेकर मारपीट करने वाले व्यक्ति के घर लेकर पहुंचा। जहां 112 डायल टीम द्वारा आरोपित महिला से पूछताछ किए जाने पर अगल-बगल के फकीर टोला के लोग गुस्सा गए एवं 112 डायल टीम पर हमला कर दिया जिससे 112 डायल टीम का वाहन को असामाजिक तत्वों ने ईट लाठी डंडे से गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया शिशा फोड़ दिया व डायल टीम के सिपाही दीपक कुमार की बुरी तरह पिटाई कर दी। वहीं स्थानीय लोगों ने नाम नहीं बताने की शर्त पर बताया कि बीती रात कौवा चौक फकीर टोला में मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर रात्रि में मिलाद का कार्यक्रम चल रहा था। जिसमें काफी महिला पुरुष उपस्थित थे इसी बीच 112 की टीम आई एवं एक लड़के को गाड़ी पर बिठा लिया जिसको छोड़ने के विवाद में 112 डायल टीम से विवाद हो गया। घटना की सूचना पाकर काफी संख्या में सुरक्षा बलों ने कौवा चौक स्थित फकीर टोला के घरों को घेर लिया एवं महिला पुरुषों की बेरहमी से पिटाई कर दी। जिससे लगभग 100 महिला पुरुष बुरी तरह घायल हो गए हैं। किसी का सिर फूटा ,किसी का पैर टूटा ,सभी निजी अस्पताल अज्ञात जगह पर भर्ती हैं। अनेक स्थानीय लोगों ने बताया कि सुरक्षा बलों द्वारा हम लोगों के साथ बर्बरता की गई। मारपीट के बाद फकीर टोला के दर्जनों लोग गुस्सा गए एवं लगभग चार पाच सौ की संख्या में लोगों ने पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया। जिससे अनेक सुरक्षा बलों एवं पुलिस पदाधिकारी घायल हो गए हैं। घटना के बाद सुबह कौवा चौक घटनास्थल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस लाइन हाजीपुर से भारी संख्या में महिला पुरुष सुरक्षा बल एवं राजापाकर थाने से एसआई मीता कुमारी मौके पर मौजूद दिखी। स्थिति शांतिपूर्ण है।वही घटना के बाद फकीर टोला के अनेक लोगों के घरों में ताला बंद दिखा।सभी लोग घर छोड़कर फरार हैं। समाचार लिखे जाने तक एफआईआर की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज चल रहा है।वहीं घटना के बाद तीन व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है जिससे पूछताछ की जा रही है। राजापाकर-01-घटनास्थल पर महिला पुलिस के जवान।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




